DU की असिस्टेंट प्रोफेसर की हत्या उसके किरायेदार ने की
नई दिल्ली । डेस्क: दिल्ली यूनिवर्सिटी के शिवाजी कॉलेज में अंग्रेजी की असिस्टेंट प्रोफेसर देवस्मिता पॉल की उनके ही फ्लैट में बेरहमी से हत्या कर दी गई है. पूर्वी दिल्ली के वसुंधरा एन्क्लेव स्थित सत्यम अपार्टमेंट की छठी मंजिल पर उनका खून से लथपथ शव मिला. इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए दिल्ली पुलिस ने कोलकाता से एक दंपति को गिरफ्तार किया है, जो देवस्मिता के पुश्तैनी मकान में किराएदार थे. पुलिस ने उनके साथ मौजूद उनके 'नाबालिग बेटे' को भी हिरासत में लिया है.
पुलिस के अनुसार, यह पूरी वारदात संपत्ति के विवाद से जुड़ी है. आरोपी रामप्रसाद दास और बनश्री दास मूल रूप से बर्धमान के रहने वाले हैं और कोलकाता में देवस्मिता की पुश्तैनी संपत्ति में सालों से किराए पर रह रहे थे.
वे उस मकान को खरीदना चाहते थे. देवस्मिता के माता-पिता और भाई-बहन इस सौदे के लिए तैयार थे क्योंकि उनका पूरा परिवार दिल्ली में बस चुका है, लेकिन देवस्मिता इस फैसले के खिलाफ थीं. उनके इनकार से नाराज होकर दंपति ने उनकी हत्या की खौफनाक साजिश रची.
वारदात को अंजाम देने के लिए आरोपी दंपति अपने बेटे के साथ एक निजी कैब बुक करके कोलकाता से करीब 1,400 किलोमीटर का सफर तय कर दिल्ली पहुंचे थे. सीसीटीवी फुटेज में एक नकाबपोश पुरुष, महिला और लड़के को अपार्टमेंट में जाते देखा गया.
आरोपी करीब 45 मिनट बाद कपड़े बदलकर वहां से निकले. जांच में सामने आया है कि प्रोफेसर देवस्मिता पर किसी भारी चीज से हमला किया गया था, जिससे उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं. इसके अलावा उनके शरीर पर चोट के निशान और कलाई कटी हुई पाई गई, जो हाथापाई की ओर इशारा करती है.
इस मामले का खुलासा तब हुआ जब मृतका की बड़ी बहन देबारती पॉल गुरुवार को उनसे मिलने पहुंचीं. दरवाजा बंद होने और फोन न उठाने पर रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन की मौजूदगी में ताला तोड़ा गया, जिसके बाद अंदर देवस्मिता का शव मिला.
पुलिस ने कैब ड्राइवर की लोकेशन और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू की. चार राज्यों में छापेमारी और सैकड़ों लोगों से पूछताछ के बाद आखिरकार पुलिस ने कोलकाता से आरोपियों को दबोच लिया. मामले की आगे की कार्रवाई के लिए आरोपियों को दिल्ली लाया जा रहा है.