'मोस्ट वांटेड' माओवादी नेताओं की ड्रोन-सैटेलाइट से तलाश
नई दिल्ली । डेस्क: देश के चार राज्यों छत्तीसगढ़, ओडिशा, तेलंगाना और महाराष्ट्र में सुरक्षा बलों ने वामपंथी उग्रवाद को खत्म करने की केंद्र की मार्च 2026 की समय सीमा को देखते हुए, एक बड़ा और समन्वित अभियान शुरू कर दिया है. इस संयुक्त अभियान में सीआरपीएफ के कमांडो और राज्य बल शामिल हैं, जो जंगल के अंदर ड्रोन और सैटेलाइट खुफिया जानकारी का इस्तेमाल कर रहे हैं.
'द टेलीग्राफ' को हवाले से खबर है कि अभियान का मुख्य लक्ष्य देश के "सबसे वांछित माओवादी नेताओं" माडवी हिडमा (52), गणपति (76), और थिप्पिरी तिरुपति उर्फ देवजी (63) का पता लगाना और उन्हें खत्म करना है. सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार, यह तिकड़ी माओवादी आंदोलन की वैचारिक रीढ़ और बौद्धिक धुरी मानी जाती है.
गृह मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि सुरक्षा बल इन तीनों का शिकार करने के लिए खुफिया-आधारित अभियानों को तेज कर चुके हैं.
हिडमा और देवजी पर एक-एक करोड़ रुपये का इनाम है, जबकि गणपति पर 2.5 करोड़ रुपये का सबसे बड़ा इनाम घोषित है.
सुरक्षा प्रतिष्ठान के सूत्रों ने बताया कि लगातार जगह बदलने के कारण इन्हें ट्रैक करना मुश्किल रहा है.
खोज अभियान में अर्धसैनिक बलों की कई बटालियनें (प्रत्येक में 1,000 जवान) तैनात हैं. सीआरपीएफ की विशिष्ट कमांडो विंग, कोबरा, को इनके खिलाफ "सर्जिकल स्ट्राइक" के लिए उपयोग किया जाएगा.
हिडमा, जिसे हाल ही में पदोन्नत किया गया है और वह पीपुल्स लिबरेशन गुरिल्ला आर्मी का कमांडर है. हालांकि हिड़मा को मीडिया ने एक शीर्ष माओवादी की तरह पेश किया है लेकिन इलाके के लोग उसे एक सामान्य नक्सली से अधिक नहीं मानते.