AIIMS रायपुर के डॉ. पुगझेंथन थंगराजू दुनिया के शीर्ष 2% वैज्ञानिकों में शामिल
रायपुर । संवाददाता: ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (एम्स), रायपुर के क्लिनिकल फार्माकोलॉजी विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. पुगझेंथन थंगराजू ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संस्थान का मान बढ़ाया है.
स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी द्वारा तैयार और एल्सेवियर द्वारा प्रकाशित वैश्विक सूची में उन्हें लगातार दूसरे वर्ष (2025–2026) दुनिया के शीर्ष 2 प्रतिशत वैज्ञानिकों में स्थान मिला है.
इस नवीनतम डेटाबेस में उन्हें 'क्लिनिकल मेडिसिन' के अंतर्गत 'जनरल एंड इंटरनल मेडिसिन' उप-क्षेत्र में 26 के एच-इंडेक्स के साथ वैश्विक स्तर पर 1,614वीं रैंक हासिल हुई है.
डॉ. थंगराजू का शोध कार्य क्लिनिकल फार्माकोलॉजी, दवा सुरक्षा, रोगाणुरोधी प्रबंधन (एंटीमाइक्रोबियल स्टीवर्डशिप), फार्माकोजेनॉमिक्स और कुष्ठ रोग जैसी संक्रामक बीमारियों पर केंद्रित है.
अब तक 160 से अधिक शोध पत्र, पुस्तकें, पेटेंट और अन्य बौद्धिक संपदाएं उनके नाम दर्ज हैं.
इसके अलावा, वे नारकोटिक्स से जुड़ी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) परियोजनाओं पर भी काम कर रहे हैं. इस उपलब्धि पर एम्स रायपुर के कार्यकारी निदेशक ले. जन. अशोक जिंदल (रिटायर्ड) ने उन्हें बधाई दी, जबकि डॉ. थंगराजू ने इस सफलता का श्रेय अपने सहयोगियों, मेंटर्स, शोध टीम और संस्थान के सहयोग को दिया.