सरगुजा में अवैध संबंध के शक में डबल मर्डर, आरोपी फरार
अंबिकापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में कमलेश्वरपुर थाना क्षेत्र के बिसरपानी गांव में पति ने अपनी पत्नी और गांव के ही एक युवक पर फावड़े से ताबड़तोड़ वार कर दोनों की जीवन लीला समाप्त कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद से आरोपी पति मौके से फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.
फॉरेंसिक विशेषज्ञों और पुलिस टीम ने घटनास्थल का मुआयना कर महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं. बुधवार सुबह दोनों शवों का पंचनामा तैयार कर उन्हें पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया. शुरुआती जांच में यह बात निकलकर सामने आई है कि घटना के वक्त तीनों शराब के नशे में थे. पुलिस हत्या के पीछे की वजहों और कथित संबंधों से जुड़े सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है.
मिली जानकारी के मुताबिक, बिसरपानी के दारापारा निवासी बाबूलाल मझवार (35) मंगलवार शाम को खेत की तरफ गया था. इसी दौरान उसकी पत्नी नईहारो मझवार (32) गांव में स्थित सोमारू मझवार के घर गई, जहां गांव का ही बेंजे बड़ा (35) भी आ पहुंचा. दोनों घर के एक कमरे में बैठकर शराब का सेवन कर रहे थे.
रात करीब आठ बजे जब बाबूलाल अपनी पत्नी को ढूंढते हुए वहां पहुंचा, तो दोनों को एक साथ आपत्तिजनक स्थिति में देखकर उसका गुस्सा फूट पड़ा. देखते ही देखते तीनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई. आक्रोश में आकर बाबूलाल ने पास पड़ा फावड़ा उठाया और दोनों के सिर पर जानलेवा हमला कर दिया. सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण महिला और युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.