डोंगरगढ़: चरित्र शंका में पत्नी की नृशंस हत्या, पति समेत 3 गिरफ्तार
दुर्ग । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ क्षेत्र में बीते दिनों ग्राम भैंसरा के एक आम बगीचे में मिली महिला की क्षत-विक्षत लाश की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है. यह मामला अवैध संबंधों के संदेह में की गई सोची-समझी हत्या का निकला. पुलिस ने इस जघन्य हत्याकांड के मुख्य आरोपी पति सुनील नेताम, उसके सहयोगी ज्योतिष सिंह नेताम और साक्ष्य छिपाने में मदद करने वाले नीलकंठ साहू को गिरफ्तार कर लिया है.
एएसपी कीर्तन राठौर ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 22 फरवरी को पूर्णिमा नेताम का शव बरामद हुआ था, जिसका सिर पत्थर से बुरी तरह कुचला गया था ताकि उसकी पहचान न हो सके.
जांच के दौरान जब पुलिस ने मृतका के पति की तलाश की, तो वह दल्लीराजहरा स्थित अपने घर से गायब मिला. तकनीकी इनपुट और मुखबिरों की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी पति को डोंगरगांव से धर दबोचा.
कड़ी पूछताछ में सुनील ने स्वीकार किया कि उसे अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह था, जिसके कारण उसने अपने मित्र के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया.
हत्या के बाद साक्ष्यों को मिटाने के उद्देश्य से उन्होंने अपने खून से सने कपड़े तीसरे आरोपी नीलकंठ को नष्ट करने के लिए दिए थे. फिलहाल, पुलिस ने हत्या और साक्ष्य मिटाने की विभिन्न धाराओं के तहत तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया है.