डोंगरगढ़: मृत पति के दोस्त ने ब्लैकमेल कर किया दुष्कर्म, गिरफ्तार
डोंगरगढ़ । संवाददाता: पति की मौत के बाद बेसहारा महिला की आपत्तिजनक तस्वीरों का सहारा लेकर उसे ब्लैकमेल करने और लगातार दुष्कर्म करने वाले एक आरोपी को डोंगरगढ़ पुलिस ने सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है. पकड़ा गया आरोपी पीड़िता के दिवंगत पति का परिचित था, जिसने मजबूरी का फायदा उठाकर महिला को अपनी हवस का शिकार बनाया.
आरोपी की पहचान बालोद जिले के फरदफोड़ गांव निवासी 26 वर्षीय लोकेश साहू के रूप में हुई है.
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी लोकेश साहू का पीड़िता के घर पहले से ही आना-जाना था. पति के निधन के बाद भी उसने महिला से संपर्क बनाए रखा. इसी दौरान उसके हाथ पीड़िता की कुछ बेहद निजी तस्वीरें और वीडियो लग गए. इन आपत्तिजनक फोटोज को इंटरनेट पर वायरल करने और समाज में बदनाम करने की लगातार धमकियां देकर वह महिला पर दबाव बनाने लगा.
बदनामी के खौफ में जी रही पीड़िता आरोपी के जाल में फंसती चली गई. इसी डर का फायदा उठाकर अगस्त 2025 में आरोपी उसे झांसा देकर डोंगरगढ़ स्थित 'इंडियन लॉज-1' ले गया, जहां उसने महिला के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए.
इसके बाद भी आरोपी की करतूतें बंद नहीं हुईं; वह लगातार जान से मारने की धमकी देता रहा और पीड़िता के संतोषी नगर, लखोली स्थित निवास पर पहुंचकर भी कई बार दुष्कर्म करता रहा.
आरोपी की प्रताड़ना से तंग आकर आखिरकार पीड़िता ने डोंगरगढ़ थाने पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई और पूरी आपबीती सुनाते हुए लिखित शिकायत दर्ज कराई.
शिकायत मिलते ही राजनांदगांव पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के सख्त निर्देशों पर डोंगरगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(2)(एम) और 351(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की.
थाना प्रभारी सुमन जायसवाल के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी लोकेश साहू को तुरंत हिरासत में ले लिया. पुलिसिया पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद उसे अदालत में पेश किया गया. न्यायालय ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश जारी कर दिया.