एप्स्टीन फाइलों से हटाई गई डोनाल्ड ट्रंप की तस्वीर फिर हुई सार्वजनिक
वॉशिंगटन । डेस्क: अमेरिकी न्याय विभाग (DOJ) ने जेफ्री एप्स्टीन से संबंधित हालिया फाइलों में शामिल पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की उस तस्वीर को दोबारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर साझा कर दिया है. जिसे पिछले दिनों समीक्षा के लिए हटा दिया गया था.
न्याय विभाग ने स्पष्ट किया है कि गहन जांच के बाद यह पाया गया कि इस विशेष तस्वीर में एप्स्टीन का कोई भी पीड़ित मौजूद नहीं है, जिसके बाद इसे बिना किसी काट-छाँट या बदलाव के वापस सार्वजनिक कर दिया गया.
दरअसल, न्यूयॉर्क के दक्षिणी जिले (SDNY) द्वारा पीड़ितों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताए जाने के बाद इस तस्वीर को अस्थायी रूप से हटा दिया गया था. न्याय विभाग ने अपने बयान में कहा, "सावधानी बरतते हुए तस्वीर की समीक्षा की गई और यह निर्धारित किया गया कि इसमें किसी भी पीड़ित की मौजूदगी का कोई सबूत नहीं है."
इससे पहले सीएनएन की एक रिपोर्ट में बताया गया था कि रविवार सुबह तक एप्स्टीन से जुड़े कम से कम 16 दस्तावेजों को वेबसाइट से हटाया गया था, जिनमें ट्रंप की यह फोटो भी शामिल थी.
न्याय विभाग ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दोहराया कि वह पारदर्शिता के लिए प्रतिबद्ध है और केवल उन्हीं जानकारियों को छिपाया जा रहा है जो कानूनी रूप से अनिवार्य हैं, जैसे कि नाबालिगों और पीड़ितों की पहचान.
विभाग ने कड़े शब्दों में स्पष्ट किया कि किसी भी प्रसिद्ध व्यक्ति या राजनीतिक रूप से प्रभावशाली हस्ती को बचाने के लिए कोई संपादन या सुधार नहीं किया जाएगा.
विभाग को कथित पीड़ितों और उनके वकीलों से लगातार अनुरोध प्राप्त हो रहे हैं, जिसके आधार पर सामग्री की अस्थायी समीक्षा की जा रही है.