ईरान संकट के कारण घरेलू रसोई गैस की कीमतों में उछाल
नई दिल्ली । डेस्क: पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण वैश्विक ऊर्जा कीमतों में आई तेजी का सीधा असर अब भारतीय रसोई पर पड़ना शुरू हो गया है. सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों (IOC) ने घरेलू एलपीजी (LPG) सिलेंडर की कीमतों में शनिवार, 7 मार्च 2026 से ₹60 की भारी बढ़ोतरी कर दी है.
इस वृद्धि के बाद देश की राजधानी दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाले गैर-सब्सिडी वाले सिलेंडर की कीमत अब ₹913 हो गई है. पिछले 11 महीनों में यह गैस की कीमतों में दूसरी बड़ी वृद्धि है.
इससे पहले अप्रैल 2025 में सिलेंडर के दाम ₹50 बढ़ाए गए थे.देश के अन्य प्रमुख महानगरों में भी कीमतें बढ़ गई हैं, जहाँ मुंबई में रसोई गैस अब ₹912.50, कोलकाता में ₹939 और चेन्नई में ₹928.50 प्रति सिलेंडर की दर से मिलेगी.
गौरतलब है कि अलग-अलग राज्यों में स्थानीय बिक्री कर (VAT) के कारण ये कीमतें भिन्न हो सकती हैं. हालांकि, राहत की बात यह है कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत आने वाले 10 करोड़ से अधिक लाभार्थियों के लिए गैस की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है.
इससे पहले तेल कंपनियों ने महीने की शुरुआत में कमर्शियल सिलेंडर के दाम भी ₹114.5 बढ़ाए थे, जिससे होटल और रेस्टोरेंट में खाना महंगा होने की आशंका बढ़ गई है.