छह महीने में नियुक्ति नहीं तो डॉक्टरों का सर्विस बॉन्ड रद्द: HC
बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने राज्य के सरकारी चिकित्सा संस्थानों से पढ़ाई पूरी करने वाले डॉक्टरों के हक में एक बेहद महत्वपूर्ण फैसला सुनाया है. अदालत ने स्पष्ट किया है कि यदि राज्य सरकार एमबीबीएस की पढ़ाई और इंटर्नशिप पूरी होने के छह महीने के भीतर डॉक्टरों को नियुक्ति आदेश जारी नहीं करती है, तो उनका अनिवार्य ग्रामीण सेवा बॉन्ड स्वतः ही रद्द माना जाएगा.
जस्टिस अमितेन्द्र किशोर प्रसाद की एकल पीठ ने इस मामले में सुनवाई करते हुए दिसंबर 2025 में जारी किए गए सरकारी नियुक्ति आदेशों को कानूनन अप्रभावी और शून्य घोषित कर दिया है.
यह पूरा मामला छत्तीसगढ़ इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (CIMS) से 2024 में एमबीबीएस पास करने वाले और मई 2025 में अपनी इंटर्नशिप पूरी करने वाले चार डॉक्टरों से जुड़ा है.
छत्तीसगढ़ चिकित्सा, दंत चिकित्सा और फिजियोथेरेपी स्नातक प्रवेश नियम, 2025 के नियम 10(vi) के तहत, सरकार के लिए यह अनिवार्य था कि वह कोर्स पूरा होने के छह महीने के भीतर यानी नवंबर 2025 तक इन डॉक्टरों को पोस्टिंग दे.
ऐसा न होने पर याचिकाकर्ताओं ने अदालत का दरवाजा खटखटाया और अपने बॉन्ड की समाप्ति, अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) और मूल डिग्रियों को सौंपने की मांग की.
दूसरी ओर, राज्य सरकार ने इस याचिका का पुरजोर विरोध किया था. सरकार का तर्क था कि इन डॉक्टरों ने सरकारी संस्थानों से बेहद रियायती दरों पर चिकित्सा शिक्षा का लाभ उठाया है, इसलिए वे अपनी मर्जी से किए गए बॉन्ड के वादे से पीछे नहीं हट सकते.
सरकार के अनुसार, ग्रामीण और धुर नक्सल प्रभावित क्षेत्रों, जैसे बीजापुर और नारायणपुर में डॉक्टरों की भारी कमी को दूर करने के लिए यह नीति बनाई गई है. सरकार ने यह भी कहा कि काउंसलिंग में शामिल होने के कारण डॉक्टर सेवा देने के लिए बाध्य हैं और आदेश का उल्लंघन करने पर उन्हें 20 से 25 लाख रुपये तक की बॉन्ड राशि का भुगतान करना होगा.
हालांकि, हाईकोर्ट ने सरकार की इन दलीलों को खारिज कर दिया.
अदालत ने अपने ऐतिहासिक फैसले में कहा कि प्रवेश नियमों में निर्धारित छह महीने की समय-सीमा वैधानिक और अनिवार्य है. चूंकि सरकार नवंबर 2025 की तय अवधि तक नियुक्ति आदेश जारी करने में पूरी तरह विफल रही, इसलिए कानून के क्रियान्वयन के चलते डॉक्टरों का सर्विस बॉन्ड खुद-ब-खुद निरस्त हो गया.
कोर्ट ने साफ किया कि समय बीतने के बाद, यानी 24 दिसंबर 2025 को जारी किए गए नियुक्ति आदेशों का अब कोई कानूनी महत्व नहीं रह जाता है. इस निर्णय से राज्य के अन्य चिकित्सा स्नातकों को भी बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.