अंबिकापुर में डॉक्टर ने किया डॉक्टर की पत्नी का रेप
अंबिकापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले मेंअंबिकापुर की कोतवाली थाना पुलिस ने एक स्पीच थेरेपिस्ट को महिला के साथ दुष्कर्म, मारपीट और ब्लैकमेल करने के आरोप में शिकंजे में लिया है. आरोपी डॉक्टर की पहचान प्रांजुल बलियान के रूप में हुई है, जो मिशन चौक पर अपना क्लीनिक चलाता है.
पीड़िता की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उसे 5 जून को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर दिया है. फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की गहनता से तफ्तीश कर रही है.
इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब बीती 1 जून को किसी बात पर दोनों के बीच तीखी बहस हो गई. आरोप है कि इस दौरान डॉक्टर ने महिला के साथ मारपीट की और उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी.
इस घटना से तंग आकर पीड़िता ने हिम्मत जुटाई और अपने पति को आपबीती सुनाई. इसके बाद 4 जून को कोतवाली थाने में आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई गई, जिसके अगले ही दिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को धर दबोचा.
एडिशनल एसपी अमोलक सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़ित महिला, जो कि खुद एक स्थानीय निजी अस्पताल के डॉक्टर की पत्नी है, ने आरोपी पर पिछले करीब तीन वर्षों से लगातार डरा-धमकाकर शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया है.
महिला का कहना है कि आरोपी पहली बार की गई जबरदस्ती के बाद से ही उसे सामाजिक बदनामी का डर दिखाकर लगातार ब्लैकमेल कर रहा था और अपनी मर्जी के खिलाफ संबंध बनाने के लिए मजबूर कर रहा था.
घटनाक्रम की शुरुआत साल 2023 में हुई थी, जब महिला अपने मासूम बच्चे की जुबान तुतलाने की समस्या का इलाज कराने के लिए डॉ. प्रांजुल बलियान के पास गई थी. बच्चे की नियमित थेरेपी के सिलसिले में महिला का अक्सर वहां आना-जाना होता था, जिससे दोनों के बीच जान-पहचान हो गई.
पीड़िता के मुताबिक, 10 अगस्त 2023 को जब वह क्लीनिक गई, तो आरोपी ने वहां उसके साथ पहली बार दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया. लोक-लाज और डर के कारण महिला उस वक्त इस बात को किसी के सामने जाहिर नहीं कर सकी थी, जिसका फायदा उठाकर आरोपी लगातार उसका शोषण करता रहा.