केवल व्हाट्सएप चैट के आधार पर नहीं मिल सकता तलाक: बॉम्बे HC
मुंबई । डेस्क: बॉम्बे हाई कोर्ट ने एक महत्वपूर्ण फैसले में स्पष्ट किया है कि केवल व्हाट्सएप चैट के आधार पर और दूसरे पक्ष को सफाई का मौका दिए बिना तलाक की डिक्री जारी नहीं की जा सकती.
न्यायमूर्ति भारती डांगरे और न्यायमूर्ति मंजूषा देशपांडे की पीठ ने नासिक जिला परिवार न्यायालय के उस पुराने आदेश को रद्द कर दिया है, जिसमें एक पति को उसकी पत्नी के खिलाफ क्रूरता के आधार पर तलाक दे दिया गया था.
अदालत ने कहा कि प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों के अनुसार, किसी भी पक्ष के खिलाफ एकतरफा (ex-parte) फैसला सुनाने से पहले उसे अपनी बात रखने और सबूतों का खंडन करने का पूरा अवसर मिलना अनिवार्य है.
इस मामले में पत्नी ने उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाते हुए आरोप लगाया था कि परिवार अदालत ने उसकी अनुपस्थिति में और बिना उसे दलीलें पेश करने का अवसर दिए ही फैसला सुना दिया था.