बस्तर में श्मशान घाट की जमीन पर विवाद, भारी पुलिस बल तैनात
बस्तर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में श्मशान घाट की एक जमीन को लेकर तीन पंचायतों बेसुली, भानपुरी और बाकेल के बीच गहरा विवाद खड़ा हो गया है. विवाद इतना बढ़ गया है कि क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया है. वर्तमान में एसडीएम, तहसीलदार और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर जमीन का सीमांकन कर रही है ताकि विवाद को सुलझाया जा सके.
घटना की शुरुआत तब हुई जब बेसूली पंचायत के एक निवासी की मृत्यु के बाद परिजन शव का अंतिम संस्कार करने विवादित स्थल पर पहुंचे. बाकेल और भानपुरी के ग्रामीणों ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई, जिससे माहौल गरमा गया.
भानपुरी और बाकेल के ग्रामीणों का तर्क है कि यह जमीन लंबे समय से भानपुरी पंचायत के अधीन रही है और वे यहां श्मशान घाट बनाने के पक्ष में नहीं हैं.
उनका कहना है कि मरघट की जमीन के ठीक पास 'एकलव्य विद्यालय' स्थित है. ग्रामीणों के अनुसार, यहां होने वाले दाह संस्कार का स्कूली बच्चों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है. हाल ही में एक छात्रा अंतिम संस्कार देखकर बेहोश भी हो गई थी. उन्होंने दावा किया कि पूर्व में ग्राम सभा और स्थानीय प्रशासन ने भी यहां दाह संस्कार न करने पर सहमति जताई थी.
दूसरी ओर, बेसुली पंचायत के ग्रामीणों का दावा है कि सरकारी दस्तावेजों में यह जमीन उनके गांव के नाम पर दर्ज है और प्रशासन ने उन्हें लिखित में यह भूमि श्मशान के लिए आवंटित की है. बेसुली के ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बाकेल और भानपुरी के लोग उन्हें उनके कानूनी अधिकार से वंचित कर रहे हैं और उनके साथ मारपीट व अभद्रता की जा रही है.
मामले की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार जीवेश कुमार सोरी ने बताया कि राजस्व रिकॉर्ड के अनुसार वर्तमान में यह जमीन बेसुली गांव की है, हालांकि पुराने रिकॉर्ड में यह भानपुरी पंचायत के अंतर्गत आती थी. प्रशासन अब नए सिरे से सीमांकन और जनसुनवाई की प्रक्रिया पूरी कर रहा है ताकि दूध का दूध और पानी का पानी हो सके.
फिलहाल, प्रशासन ने तीनों गांवों के लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और सीमांकन पूरा होने तक किसी भी प्रकार के निर्माण या अंतिम संस्कार पर नजर रखी जा रही है.