चिकन पकाने पर हुआ विवाद: पति ने पत्नी की हत्या की
बलरामपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में एक पति ने अपनी पत्नी की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी. यह दुखद घटना जोकापथ गांव में घटी, जहां हड़िया (पारंपरिक चावल का पेय) पीने के बाद चिकन पकाने को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हो गई थी.
बात बढ़ने पर आरोपी पति रमेश (28) ने गुस्से में आकर अपनी 26 वर्षीया पत्नी दुखनी बाई के सिर और पेट पर लकड़ी के डंडे से ताबड़तोड़ वार कर दिए. गंभीर चोटों के कारण महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गया.
घटना की जानकारी तब सामने आई जब मृतका के पिता को ग्रामीणों से हमले की सूचना मिली. मौके पर पहुंचने पर बेटी का शव घर के अंदर पड़ा मिला, जिसके तुरंत बाद पुलिस को सूचित किया गया.
शंकरगढ़ पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी पति को ट्रेस कर हिरासत में ले लिया है, जहां उसने पूछताछ के दौरान अपना जुर्म कबूल कर लिया है.