बिना बताए छुट्टी पर बर्खास्तगी, 'क्रूर' छत्तीसगढ़ HC ने चपरासी को किया बहाल
बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने सेवा कानून के तहत एक महत्वपूर्ण फैसला सुनाते हुए राज्य सरकार द्वारा एक चपरासी की बर्खास्तगी को रद्द कर दिया है. न्यायमूर्ति अमितेंद्र किशोर प्रसाद की पीठ ने सुजीत कुमार साहू की बहाली का आदेश देते हुए कहा कि "अनधिकृत अनुपस्थिति" के आधार पर की गई यह कार्रवाई न केवल कठोर है, बल्कि पूरी तरह से असंगत और अनुचित है.
अदालत ने स्पष्ट किया कि 30 साल से अधिक की लंबी सेवा के बाद, छोटी अवधि की अनुपस्थिति को "गंभीर या असाध्य कदाचार" की श्रेणी में नहीं रखा जा सकता, जिसके लिए सेवा से हटाने जैसा चरम दंड दिया जाए.
मामले के अनुसार, सुजीत कुमार साहू को 1989 में चपरासी के पद पर नियुक्त किया गया था और 1996 में उनकी सेवाएं नियमित की गई थीं. साल 2018 में शिक्षा विभाग ने उन पर बिना बताए अनुपस्थित रहने का आरोप लगाकर विभागीय जांच शुरू की और अंततः उन्हें सेवा से बर्खास्त कर दिया.
हाईकोर्ट ने पाया कि याचिकाकर्ता ने अपनी अनुपस्थिति के पीछे चिकित्सा और पारिवारिक कारणों का हवाला दिया था और भविष्य में सुधार का आश्वासन भी दिया था, लेकिन विभाग ने इन पर विचार करने के बजाय उन्हें पद से हटा दिया.
न्यायमूर्ति प्रसाद ने अपने आदेश में कहा कि रिकॉर्ड पर ऐसा कोई सबूत नहीं है जिससे यह साबित हो सके कि याचिकाकर्ता की अनुपस्थिति जानबूझकर की गई थी या उनका इरादा सेवा छोड़ने का था.
अदालत ने विभागीय जांच की प्रक्रिया पर भी कड़े सवाल उठाए और इसे प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों का उल्लंघन बताया, क्योंकि याचिकाकर्ता को न तो जांच रिपोर्ट दी गई और न ही अपना बचाव करने का उचित अवसर मिला.
कोर्ट ने राज्य सरकार के उस तर्क को भी खारिज कर दिया जिसमें साहू के पिछले रिकॉर्ड को खराब बताया गया था.
अदालत ने निष्कर्ष निकाला कि चिकित्सा प्रमाणपत्रों को मनमाने ढंग से खारिज करना और बर्खास्तगी का आदेश देना अनुशासनिक विवेक का अत्यधिक और मनमाना उपयोग है, जिसके चलते याचिकाकर्ता को सेवा में वापस लिए जाने के निर्देश दिए गए हैं.