Iran-US में पाकिस्तान में जल्द हो सकती है सीधी वार्ता
Iran-US में पाकिस्तान में जल्द हो सकती है सीधी वार्ता- जर्मन विदेश मंत्री
नई दिल्ली । डेस्क: जर्मनी के विदेश मंत्री जोहान वेडेफुल ने एक बड़ा दावा करते हुए कहा है कि अमेरिका और ईरान के प्रतिनिधि जल्द ही पाकिस्तान में सीधी मुलाकात कर सकते हैं. वेडेफुल के अनुसार, दोनों देशों के बीच अब तक परोक्ष संपर्क रहे हैं, लेकिन अब सीधी बातचीत की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं.
यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब क्षेत्र में सैन्य तनाव चरम पर है.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दूत स्टीव विटकॉफ ने पाकिस्तान के माध्यम से ईरान को 15 सूत्री 'एक्शन लिस्ट' सौंपी है, जिसमें परमाणु कार्यक्रम पर प्रतिबंध और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को फिर से खोलने जैसी शर्तें शामिल हैं.
हालांकि, ईरान ने इस प्रस्ताव को 'एकतरफा' बताते हुए खारिज कर दिया है और अपना 5 सूत्री जवाबी प्रस्ताव रखा है, जिसमें स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर अपनी संप्रभुता की मान्यता और हर्जाने की मांग की गई है.
शांति की इन कोशिशों के बीच युद्ध के बादल भी गहरे हो रहे हैं. अमेरिका ने मिडिल ईस्ट में 2,500 नौसैनिकों के साथ जहाजी बेड़ा तैनात किया है और 82nd एयरबोर्न के 1,000 पैराट्रूपर्स को भी क्षेत्र में पहुंचने के आदेश दिए गए हैं.
जानकारों का मानना है कि यह तैनाती स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर फिर से नियंत्रण पाने के लिए एक संभावित सैन्य कार्रवाई का हिस्सा हो सकती है.
इस पूरे कूटनीतिक संकट में पाकिस्तान एक मुख्य मध्यस्थ बनकर उभरा है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर पर्दे के पीछे चल रही इस कूटनीति में केंद्रीय भूमिका निभा रहे हैं.
वहीं, संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भी रूस की मांग पर ईरान के नागरिक बुनियादी ढांचे पर हुए हमलों को लेकर एक गुप्त बैठक बुलाई गई है, जिससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दबाव बढ़ता दिख रहा है.