दिनेश त्रिवेदी बन सकते हैं बांग्लादेश में भारत के नए हाई कमिश्नर
नई दिल्ली । डेस्क: केंद्र सरकार पश्चिम बंगाल के दिग्गज राजनीतिज्ञ और पूर्व रेल मंत्री दिनेश त्रिवेदी को बांग्लादेश में भारत का नया उच्चायुक्त नियुक्त करने की तैयारी में है. सूत्रों के मुताबिक, इस संबंध में निर्णय लगभग अंतिम चरण में है और पश्चिम बंगाल के चुनावों की प्रक्रिया पूरी होते ही इसकी आधिकारिक घोषणा की जा सकती है.
वर्तमान में ढाका में भारत के उच्चायुक्त प्रणय वर्मा हैं, जिन्हें बेल्जियम भेजे जाने की संभावना जताई जा रही है. उनकी जगह त्रिवेदी की नियुक्ति को मोदी सरकार का एक बड़ा रणनीतिक और कूटनीतिक कदम माना जा रहा है, क्योंकि बांग्लादेश की बदलती राजनीतिक परिस्थितियों के बीच भारत एक ऐसे चेहरे की तलाश में था जो भाषाई और सांस्कृतिक रूप से वहां के समाज के साथ सीधा जुड़ाव स्थापित कर सके.
हाल के समय में बांग्लादेश के राजनीतिक परिदृश्य में बड़े बदलाव आए हैं. शेख हसीना के सत्ता से हटने और खालिदा जिया के पुत्र तारिक रहमान के प्रधानमंत्री बनने के बाद, भारत और बांग्लादेश के संबंधों में एक नया मोड़ आया है.
हालांकि अंतरिम सरकार के दौरान रिश्तों में कुछ खटास देखी गई थी, लेकिन अब दोनों पक्ष संबंधों को फिर से पटरी पर लाने की कोशिश कर रहे हैं.
इस महत्वपूर्ण मोड़ पर दिनेश त्रिवेदी की भूमिका अहम हो सकती है. त्रिवेदी न केवल धाराप्रवाह बांग्ला बोलते हैं, बल्कि वे पश्चिम बंगाल की राजनीति और वहां की संस्कृति की गहरी समझ रखते हैं.
टेक्सास विश्वविद्यालय से एमबीए और एक कुशल सितार वादक होने के नाते, उनका व्यक्तित्व कला और प्रशासन का अनूठा मिश्रण है. भारत सरकार का मानना है कि रबींद्रनाथ टैगोर और नजरूल इस्लाम के साझा सांस्कृतिक विरासत की समझ रखने वाले त्रिवेदी, दो देशों के बीच रिश्तों को एक नई लय दे सकते हैं.
दिनेश त्रिवेदी का राजनीतिक सफर काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा है. अस्सी के दशक में कांग्रेस से शुरुआत करने वाले त्रिवेदी बाद में जनता दल और फिर ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस का हिस्सा बने.
वे यूपीए सरकार में केंद्रीय रेल मंत्री भी रहे, लेकिन किराया बढ़ाने के मुद्दे पर ममता बनर्जी से अनबन के बाद उन्हें पद छोड़ना पड़ा था.
साल 2021 में उन्होंने भाजपा का दामन थाम लिया था. उनकी इस संभावित नियुक्ति को भाजपा की एक बड़ी राजनीतिक रणनीति के रूप में भी देखा जा रहा है.
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि त्रिवेदी को यह बड़ी जिम्मेदारी देकर प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम बंगाल के नेताओं को एक स्पष्ट संदेश दिया है कि योग्यता और निष्ठा का उचित सम्मान किया जाएगा.
यदि यह नियुक्ति सफल रहती है, तो यह न केवल दक्षिण एशिया की कूटनीति में भारत की स्थिति मजबूत करेगी, बल्कि पश्चिम बंगाल की राजनीति में भी इसके गहरे प्रभाव देखने को मिलेंगे.