डिजिटल अरेस्ट: रायपुर में बुजुर्ग से CBI-IPS अधिकारी बनकर 8.5 लाख रुपये ठगे
रायपुर । संवाददाता: राजधानी रायपुर के उरकुला स्थित बजरंग नगर में साइबर जालसाजों ने खौफ का ऐसा मायाजाल बुना कि एक 64 वर्षीय किराना व्यापारी 44 दिनों तक मानसिक और डिजिटल कैद में रहा. ठगों ने खुद को सीबीआई (CBI) और आईपीएस (IPS) अधिकारी बताकर बुजुर्ग पर 6.8 करोड़ रुपये की मनी लॉन्ड्रिंग में शामिल होने का झूठा आरोप लगाया और कानूनी कार्रवाई का डर दिखाकर 8.5 लाख रुपये ऐंठ लिए.
यह खौफनाक वाकया 18 अगस्त को शुरू हुआ, जब पीड़ित को एक अनजान महिला का कॉल आया. महिला ने दावा किया कि उनके आईसीआईसीआई बैंक खाते का इस्तेमाल बड़े पैमाने पर मनी लॉन्ड्रिंग के लिए हुआ है.
इसके बाद पीड़ित को अन्य कॉलर्स से जोड़ा गया, जिन्होंने पूरे परिवार को जेल भेजने की धमकी देकर परिजनों, जमीन और बैंक खातों का ब्योरा हासिल कर लिया.
जालसाजों ने पीड़ित और उनकी पत्नी को दिन-रात वीडियो कॉल पर रखकर लगातार निगरानी में रखा. उनसे हर घंटे का अपडेट मांगा जाता था ताकि वे किसी से संपर्क न कर सकें.
इस खौफ के साए में व्यापारी से जांच प्रक्रिया के नाम पर पैसे मांगे गए. पीड़ित ने अपनी जमा पूंजी गंवाने और सोने के जेवर बेचने के बाद 4 सितंबर से 1 अक्टूबर के बीच फोनपे के जरिये नौ अलग-अलग किस्तों में 8.5 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए.
लगातार बढ़ते दबाव के बीच पीड़ित ने 3 अक्टूबर को अपने छोटे भाई को इस पूरी आपबीती की जानकारी दी. सच्चाई सामने आते ही पीड़ित ने खमतराई थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और बैंक स्टेटमेंट, चैट व लेन-देन की रसीदें पुलिस को सौंपी. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.