बुध, 18 नव. 2026

CGKhabar

डिजिटल एडिक्शन: हर साल 20,000 बच्चे कर रहे सुसाइड- डेरेक ओ'ब्रायन

C

CG Khabar

27 मार्च 2026, 11:07 AM 2 मिनट में पढ़ें 16

संसद
संसद

नई दिल्ली । डेस्क: राज्यसभा में शुक्रवार को तृणमूल कांग्रेस के सांसद डेरेक ओ'ब्रायन ने बच्चों और युवाओं में बढ़ती डिजिटल लत (डिजिटल एडिक्शन) का मुद्दा उठाते हुए एक चौंकाने वाली चेतावनी दी. शून्य काल के दौरान इस गंभीर संकट पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि देश में हर साल लगभग 20,000 बच्चे डिजिटल लत के दुष्परिणामों के कारण आत्महत्या कर रहे हैं. 


उन्होंने केंद्र सरकार से इस संकट को 'राष्ट्रीय आपातकाल' की तरह देखने और इस पर तुरंत ध्यान देने की मांग की.

विज्ञापन


सांसद ने विभिन्न अध्ययनों का हवाला देते हुए बताया कि आज के बच्चे और युवा प्रतिदिन औसतन 8 घंटे स्क्रीन या मोबाइल फोन पर बिता रहे हैं, जो साल के 100 दिनों से भी अधिक का समय है. 


उन्होंने इस समस्या के जैविक पहलुओं को समझाते हुए कहा कि स्क्रीन के अत्यधिक उपयोग से मस्तिष्क में 'डोपामाइन स्पाइक' होता है, जिससे एक रिवॉर्ड सिग्नल मिलता है. यही प्रक्रिया व्यवहार को सुदृढ़ करती है और अंततः डिजिटल एडिक्शन का रूप ले लेती है. 


उन्होंने जोर देकर कहा कि इसके कारण नींद में खलल, चिंता और मिजाज में बदलाव (मूड स्विंग्स) जैसी गंभीर समस्याएं पैदा हो रही हैं.


डेरेक ओ'ब्रायन ने वैश्विक परिदृश्य का जिक्र करते हुए सदन को बताया कि दुनिया के 68 देशों ने पहले ही स्कूलों में मोबाइल फोन के उपयोग पर प्रतिबंध लगा दिया है. 


उन्होंने व्यक्तिगत स्तर पर भी कुछ व्यावहारिक सुझाव दिए, जैसे कि फोन उठाने से पहले खुद से 'क्यों' पूछना, 10 तक गिनती गिनना, सोने से दो घंटे पहले स्क्रीन से दूर रहना और 'साउंड ऑफ साइलेंस' यानी बिना फोन के समय बिताने का अभ्यास करना. 


अंत में, उन्होंने सरकार से तीन मुख्य सिफारिशें कीं हैं डिजिटल उपकरणों के प्रति जागरूकता फैलाना, ऑफलाइन गतिविधियों को बढ़ावा देना और युवाओं के मानसिक स्वास्थ्य पर व्यापक चर्चा शुरू करना.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP