अकलतरा में फैला डायरिया, 20 से अधिक बीमार
अकलतरा में डायरिया फैलने से 20 से अधिक ग्रामीण पीड़ित हैं.
जांजगीर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा विकासखंड के अकलतरी गांव में डायरिया फैल गया है. अब तक 20 से अधिक ग्रामीण डायरिया की चपेट में आ चुके हैं.
इनमें से 5 मरीजों को सीएचसी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. 2 मरीजों का बिलासपुर के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है. बाकी मरीजों का इलाज गांव में ही किया जा रहा है. वहीं हफ्तेभर भर के अंदर गांव के तीन लोगों की मौत हो चुकी है. हालांकि इन लोगों की मौत डायरिया से हुई है इसकी पुष्टि नहीं हुई है.
इस संबंध में एसडीएम विक्रांत अंचल ने बताया कि उन्होंने गांव पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया है. पीएचई विभाग के अधिकारियों को हैंडपंप के पानी के नमूने लेने के निर्देश दिए हैं. जांच में कुछ वार्ड के पानी दूषित पाया गया है. फिलहाल पीड़ित लोगों को पर विशेष निगरानी रखी जा रही है.
इस घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव में अस्थायी उपचार शिविर लगाकर उपचार शुरू कर दिया है. स्वास्थ्य विभाग की टीम और पीएचई के अधिकारी डायरिया फैलने की वजह जानने में जुटे हैं.
गांव के पानी की जांच करने सैंपल भेजा गया है. वहीं गंभीर मरीजों को अकलतरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा जा रहा है. फिलहाल डायरिया फैलने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है. प्रशासन ने दूषित पानी से डायरिया फैलने की आशंका जताई है.
इसके मद्देनजर स्वास्थ्य विभाग और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की टीमें गांव में पानी के स्रोतों की जांच में जुट गई है. साथ ही गांव की अलग-अलग जगहों से पानी का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया है. जांच रिपोर्ट आने के बाद ही असली वजह पता चल पाएगी.
गांव में काफी तेजी से डायरिया फैलने से स्वास्थ्य विभाग में भी हड़कंप मचा हुआ है. प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं. किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एंबुलेंस और दवा की व्यवस्था की जा रही है.
गांव के सरपंच ने बताया कि कुछ दिनों से ऐसी समस्या बनी हुई है. विभाग के अधिकारी जांच के लिए आए थे. हैंडपंप के पानी से कुछ कीड़े निकले हैं. अब शिविर लगाकर दवाइयां बांटी गई है.