धरमजयगढ़: प्राथमिक स्कूल में बच्चों से लगवाया झाड़ू, वीडियो वायरल
रायगढ़ । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले स्थित धरमजयगढ़ विकासखंड के शासकीय प्राथमिक शाला अलोला का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है, जिसमें स्कूल ड्रेस पहने छोटे बच्चे हाथों में झाड़ू थामकर कक्षा और विद्यालय परिसर की सफाई करते नजर आ रहे हैं.
इस घटना के सामने आते ही स्थानीय ग्रामीणों में गहरा आक्रोश व्याप्त हो गया है और उन्होंने स्कूल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं.
ग्रामीणों का स्पष्ट रूप से कहना है कि सफाई कर्मचारी की अनुपस्थिति में भी बच्चों से काम कराने के बजाय वैकल्पिक उपाय किए जाने चाहिए थे, न कि उनसे मैदान और कमरों में झाड़ू लगवाना सही है.
धरमजयगढ़ क्षेत्र के शैक्षणिक संस्थानों की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर पहले भी शिकायतें सामने आती रही हैं, जिसके चलते अब ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और स्कूल में स्थायी सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की पुरजोर मांग की है.
वहीं इस पूरे विवाद पर धरमजयगढ़ के खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) एस.आर. सिदार ने अनभिज्ञता जताते हुए कहा कि मामला उनके संज्ञान में वायरल वीडियो के माध्यम से आया है, जिसकी जांच कराकर दोषियों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी.