धमतरी: हायर सेकेंडरी स्कूल में शिक्षकों की कमी से नाराज छात्रों ने लगाया ताला
धमतरी । संवाददाता: धमतरी जिले के ग्राम पंचायत बारना स्थित हायर सेकेंडरी स्कूल में शिक्षकों का अकाल खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है. नया शिक्षण सत्र शुरू हुए करीब दो महीने का समय बीत जाने के बाद भी कक्षाओं में अध्यापकों की तैनाती नहीं हो सकी है.
इस अव्यवस्था से आक्रोशित छात्र-छात्राओं, स्कूल प्रबंधन समिति और ग्रामीणों ने मोर्चा खोलते हुए स्कूल के मुख्य द्वार पर ताला जड़ दिया और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया.
भीषण बारिश भी आंदोलनकारियों के इरादों को नहीं डगा सकी. बरसते पानी के बीच विद्यार्थी और ग्रामीण अपनी मांगों को लेकर स्कूल के गेट के सामने डटे रहे और जमकर नारेबाजी की.
प्रदर्शनकारियों का स्पष्ट कहना है कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और उनकी शिक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
विद्यार्थियों के अनुसार, स्कूल में पिछले तीन-चार वर्षों से हिंदी, अंग्रेजी, रसायन शास्त्र, सामाजिक विज्ञान और भूगोल जैसे महत्वपूर्ण विषयों के पद खाली पड़े हैं. कक्षा 12वीं के छात्रों ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि बोर्ड परीक्षाएं सिर पर हैं, लेकिन मुख्य विषयों की पढ़ाई पूरी तरह ठप पड़ी है.
कई बार विभागीय अधिकारियों को आवेदन पत्र सौंपे गए, पर नतीजा शून्य ही रहा.
ग्राम पंचायत बारना के सरपंच दीपक पटेल ने बताया कि प्रशासन को इस गंभीर समस्या से पहले ही अवगत करा दिया गया था और चेतावनी भी दी गई थी. इसके बावजूद जब कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, तब बाध्य होकर तालाबंदी जैसा कदम उठाना पड़ा.
ग्रामीणों और छात्रों ने एक स्वर में मांग की है कि जब तक सभी विषयों के अध्यापकों की स्थायी नियुक्ति नहीं हो जाती, तब तक उनका यह आंदोलन अनवरत जारी रहेगा.