धमतरी: चर्चों में केवल ईसाइयों के प्रवेश के बोर्ड लगे
धमतरी । संवाददातता: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में मसीही समाज से जुड़े एक कदम ने नए विवाद को जन्म दे दिया है. शहर के लगभग 116 साल पुराने ऐतिहासिक मेनोनाइट चर्च सहित क्षेत्र के करीब 30 से 35 चर्चों और प्रार्थना स्थलों के बाहर ऐसे बोर्ड टांगे गए हैं, जिन पर स्पष्ट रूप से लिखा है कि प्रार्थना भवन में केवल ईसाइयों को ही प्रवेश की अनुमति है.
इस पूरे मामले पर धमतरी क्रिश्चियन फोरम का कहना है कि यह निर्णय किसी के प्रति भेदभाव के लिए नहीं, बल्कि आए दिन होने वाले विवादों और विरोध प्रदर्शनों को देखते हुए सुरक्षा के लिहाज से लिया गया है.
फोरम के अनुसार, यदि कोई गैर-ईसाई व्यक्ति पूरे श्रद्धाभाव के साथ प्रार्थना सभा में आना चाहता है, तो उस पर पूरी तरह से रोक नहीं है, हालांकि ऐसी स्थिति में उसकी उपस्थिति और सुरक्षा की जिम्मेदारी स्वयं उसकी होगी.
दूसरी तरफ, कलेक्ट्रेट परिसर में धर्मांतरण से जुड़े हजारों आवेदनों को लेकर उड़ रही अफवाहों पर भी मसीही समाज की ओर से स्थिति साफ की गई है. क्रिश्चियन फोरम के महासचिव डायमंड फिलस ने बताया कि आवक-जावक शाखा में जमा किए गए लगभग 1500 पत्र धर्मांतरण की कोई कानूनी अनुमति मांगने के लिए नहीं हैं, बल्कि वे लोगों के व्यक्तिगत स्वेच्छा घोषणा पत्र हैं.
इनमें प्रार्थना सभाओं में शामिल होने वाले लोगों ने यह दर्ज किया है कि वे बिना किसी डर, लालच या दबाव के अपनी इच्छा से आ रहे हैं.
वहीं, फोरम द्वारा प्रक्रिया के तहत ईसाई धर्म अपनाने से जुड़े 250 से 300 आवेदनों के प्रशासन के पास लंबित होने का दावा किया गया है. इस पर धमतरी के प्रभारी कलेक्टर जयंत नाहटा ने कहा है कि उन्हें इतनी बड़ी संख्या में आवेदन मिलने की कोई जानकारी नहीं है, लेकिन यदि कलेक्ट्रेट में ऐसे दस्तावेज आए हैं, तो उनकी निष्पक्षता से जांच कराई जाएगी.