धमतरी: NDPS का आरोपी फरार, SP ने ASI सहित 4 को किया सस्पेंड
धमतरी । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में पुलिस अभिरक्षा से एक शातिर आरोपी के भागने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. इस बड़ी लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाते हुए धमतरी पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने ड्यूटी पर तैनात एक सहायक उप निरीक्षक (ASI) और तीन आरक्षकों को तत्काल प्रभाव से नौकरी से सस्पेंड कर दिया है.
विभागीय स्तर पर हुई इस त्वरित कार्रवाई के बाद से महकमे में हड़कंप मचा हुआ है. फिलहाल पुलिस की विशेष टीमें गठित कर फरार कैदी की सरगर्मी से तलाश की जा रही है.
यह पूरा घटनाक्रम 11 जून का है, जब सिहावा थाना पुलिस एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के मामले में पकड़े गए तीन आरोपियों को मेडिकल टेस्ट के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) नगरी लेकर पहुंची थी.
अस्पताल परिसर में चिकित्सीय परीक्षण की प्रक्रिया चल रही थी, इसी बीच सुरक्षा में सेंध लगाते हुए एक आरोपी पलाश गजभिए (32 वर्ष, निवासी नागपुर, महाराष्ट्र) पुलिसकर्मियों की आंखों में धूल झोंककर वहां से रफूचक्कर हो गया. आरोपी के अचानक गायब होते ही मौके पर तैनात जवानों के हाथ-पांव फूल गए.
इस गंभीर चूक की सूचना मिलते ही एसपी सूरज सिंह परिहार ने मामले की जांच कराई. जांच में पाया गया कि सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करने में भारी कोताही बरती गई.
शासकीय कार्य में घोर लापरवाही और कैदी की निगरानी ठीक से न करने के आरोप में एसपी ने एएसआई सोनचंद डहरिया, आरक्षक अजय नेताम, डीएसएफ आरक्षक हिमेश नेताम और महिला आरक्षक डिगेश्वरी साहू को सस्पेंड करने का आदेश जारी कर दिया.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को पकड़ने के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही वह कानून की गिरफ्त में होगा.