धमतरी: पुराने विवाद में दोस्त की हत्या करने वाले आरोपी को उम्रकैद
धमतरी । संवाददाता: धमतरी जिले में पुलिस की तकनीकी तफ्तीश और ठोस साक्ष्यों के बल पर अदालत ने एक अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपी को उम्रकैद की सजा सुनाई है. गंगरेल क्षेत्र में पुराने विवाद को लेकर अपने ही दोस्त के सिर पर हेलमेट से हमला कर उसकी नृशंस हत्या करने वाले आरोपी खुशवंत उर्फ खूबहू साहू को अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश और द्वितीय अतिरिक्त न्यायाधीश धमतरी की अदालत ने दोषी करार दिया है.
उम्रकैद के साथ ही अदालत ने आरोपी पर 500 रुपये का जुर्माना भी लगाया है.
यह मामला 3 सितंबर 2024 का है, जब सिहावा थाना क्षेत्र के रहने वाले 55 वर्षीय बीरेंद्र देवांगन के अचानक गायब होने पर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी. जांच के दौरान पुलिस को गंगरेल मार्ग पर मानव वन के आगे लावारिस हालत में एक मोटरसाइकिल मिली. वाहन के दस्तावेजों के आधार पर बाइक की पहचान बीरेंद्र देवांगन के रूप में हुई, जिसके बाद पुलिस ने तलाश और तेज कर दी.
सघन जांच के बाद 6 दिसंबर 2024 को मानव वन और शिवा रिसॉर्ट के बीच एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर गंभीर चोट लगने से हत्या किए जाने की पुष्टि हुई. इसके बाद धमतरी पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और आसपास के परिवेशीय साक्ष्यों का बारीक विश्लेषण शुरू किया.
तफ्तीश के दौरान खुशवंत साहू का नाम सामने आया, जिसे हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया.
मामले की जानकारी देते हुए धमतरी के एएसपी डीसी पटेल ने बताया कि पुराने विवाद के चलते आरोपी ने बीरेंद्र के सिर पर हेलमेट से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी थी और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को सुनसान जगह पर फेंक दिया था.
पुलिस ने अदालत के समक्ष पुख्ता साक्ष्य और गवाह प्रस्तुत किए, जिसके आधार पर न्यायालय ने आरोपी को इस जघन्य अपराध के लिए आजीवन कारावास की सजा सुनाई.