इंडोनेशिया में विनाशकारी बाढ़:1,000 की मौत
जकार्ता । डेस्क: इंडोनेशिया के सुमात्रा में विनाशकारी बाढ़ और भूस्खलन के कारण शनिवार तक मरने वालों की संख्या 1,000 से अधिक हो गई है. जबकि बचाव और राहत कार्य अभी भी जारी है. 200 से अधिक लोग अभी भी लापता हैं.
प्रशासन ने स्थिति में सुधार की सूचना दी है, लेकिन भारी तबाही के कारण पुनर्निर्माण पर $3.1 बिलियन (लगभग 25,000 करोड़ रुपये) तक का खर्च आ सकता है. इंडोनेशिया की राष्ट्रीय आपदा न्यूनीकरण एजेंसी के नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, पिछले दो हफ्तों में सुमात्रा के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में आई इस आपदा में 1,003 लोग मारे गए हैं और 5,400 से अधिक घायल हुए हैं.
मलक्का जलडमरूमध्य पर बने एक दुर्लभ और शक्तिशाली चक्रवात के कारण एक लाख से अधिक घर नष्ट हो गए हैं. इस चक्रवात से दक्षिण-पूर्व एशिया के कई देशों में भारी बारिश हुई और भूस्खलन हुआ, जिसमें श्रीलंका, थाईलैंड, मलेशिया और वियतनाम में भी मौसम की स्थिति प्रभावित हुई और कुल मिलाकर लगभग 2,000 लोगों की मौत हुई.
इस महीने की शुरुआत में सुमात्रा में भीषण बादल फटने की घटना हुई, जिससे आचेह तामियांग सबसे अधिक प्रभावित हुआ और लगभग 12 लाख लोगों को अपने घर छोड़कर अस्थायी आश्रयों में जाने के लिए मजबूर होना पड़ा.
इस बीच, बाढ़ पीड़ितों ने राहत कार्यों की धीमी गति को लेकर अधिकारियों के प्रति नाराजगी व्यक्त की है.
शनिवार को राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने कहा कि स्थिति में सुधार हुआ है और कई अलग-थलग पड़े इलाकों तक अब पहुंचा जा रहा है. उन्होंने कहा, “प्राकृतिक और भौगोलिक स्थितियों के कारण थोड़ा विलंब हुआ है, लेकिन मैंने सभी आश्रय स्थलों का दौरा किया है. वहां की स्थिति अच्छी है और उनके लिए पर्याप्त सेवाएं और खाद्य आपूर्ति भी पर्याप्त हैं.”