बंगाल में 'डिटेक्ट, डिलीट और डिपोर्ट' मॉडल होगा लागू- भाजपा अध्यक्ष
मालदा । डेस्क: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने सोमवार को पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के इस्लामपुर में 'परिवर्तन यात्रा' का आगाज़ करते हुए राज्य की ममता बनर्जी सरकार पर तीखा हमला बोला. चुनावी रैली को संबोधित करते हुए श्री नबीन ने घोषणा की कि यदि पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनती है, तो राज्य में बांग्लादेशी घुसपैठियों की पहचान करने और उन्हें बाहर निकालने के लिए असम का "डिटेक्ट, डिलीट और डिपोर्ट" मॉडल लागू किया जाएगा.
उन्होंने इस दौरान एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि भाजपा सरकार बनने पर इस्लामपुर का नाम बदलकर 'ईश्वरपुर' कर दिया जाएगा.
नितिन नबीन ने निर्वाचन आयोग के हालिया आंकड़ों का हवाला देते हुए दावा किया कि बंगाल की मतदाता सूची से 50 लाख से अधिक बांग्लादेशी घुसपैठियों के नाम हटाए जा चुके हैं, जिससे केंद्र की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अब वास्तविक नागरिकों को मिल सकेगा.
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तुष्टीकरण की राजनीति और घुसपैठियों को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सीमा पर बाड़ लगाने के लिए जमीन देने से कतरा रही है, जो राष्ट्रीय सुरक्षा से समझौता है.
उन्होंने जनता से आह्वान किया कि आगामी विधानसभा चुनावों में 'परिवर्तन' की लहर के साथ टीएमसी सरकार को उखाड़ फेंके ताकि 2047 तक 'विकसित भारत' के लक्ष्य को बंगाल के साथ मिलकर पूरा किया जा सके.