बुध, 18 नव. 2026

CGKhabar

बस्तर में डेंगू का प्रकोप, बढ़ी मरीजों की संख्या

बस्तर में डेंगू का प्रकोप फिर बढ़ने लगा है

H

Hupendra Sharma

28 जून 2025, 11:43 AM 3 मिनट में पढ़ें 21

डेंगू
डेंगू

जगदलपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बस्तर में मानसून के दस्तक देते ही डेंगू का प्रकोप फिर बढ़ने लगा है. अकेले जगदलपुर में इस साल जनवरी से अब तक 50 से अधिक डेंगू पॉजिटिव मरीज मिल चुके हैं.


पिछले कुछ दिनों से यह संक्रमण काफी तेजी से बढ़ रहा है. इसमें मुख्य रूप से शहरी क्षेत्र के मरीजों की संख्या ज्यादा है. 

विज्ञापन


जिन वार्डों में साफ सफाई नहीं हो रही है और गंदगी ज्यादा है, वहां के लोगों में डेंगू के लक्षण दिखाई दे रहे हैं. 


बस्तर में साल दर साल डेंगू से संक्रमण के कई मामले सामने आ चुके हैं. कई लोगों की मौत भी हो चुकी है.


इसके बाद भी स्वास्थ्य विभाग और नगरीय प्रशासन इस पर लगाम लगाने में नाकाम रहा है. 


बस्तर जिले के टीकाकरण अधिकारी सी.आर मैत्री ने बताया कि अभी तक 53 डेंगू से संक्रमित मरीज मिलने की पुष्टि हुई है. जिसके बाद ऐसे इलाकों में सर्वे किया जा रहा है, जहां सबसे ज्यादा डेंगू के मरीज मिल रहे हैं.


उन्होंने बताया कि मरीजों की पहचान के लिए स्वास्थ्य विभाग ने रैपिड किट जांच टीम को तैनात किया है. पूरे शहर के 48 वार्डों में यह टीम सर्वे कर रही है. कई घरों में लार्वा पाए जाने के मामले भी सामने आए हैं.


उन्होंने बताया कि जहां-जहां डेंगू के लार्वा पाए जाने की संभावना है उन जगहों को साफ कर मच्छरों के पनपने की संभावना खत्म की जा रही है. वार्डवासियों को मच्छरदानी लगाने के लिए जागरूक किया जा रहा है. मच्छरदानी का वितरण भी किया जा रहा है. वहीं घरों में जमे पानी को भी खाली कराया जा रहा है.

 

वार्डों की गंदगी में पनप रहे लार्वा 

इधर नगर निगम के स्वास्थ्य सभापति लक्ष्मण झा ने बताया कि पानी के जमाव के कारण डेंगू के लार्वा पनपते हैं. नगर निगम की टीम वार्डो में सफाई और जमा पानी को बाहर निकालने में तत्परता से काम कर रही है. 


उन्होंने बताया कि इसके साथ ही नगर निगम के 48 वार्डों में फॉगिंग मशीन (जिससे मच्छरों को मारा जाता है) को भी लगातार सभी वार्डों में घुमाया जा रहा है. इसके साथ ही जहां जहां डेंगू के मरीज मिल रहे हैं, उनके घरों के आसपास दवाई का छिड़काव किया जा रहा है.

3 सालों में डेंगू से 8 की मौत 

गौरतलब है कि बस्तर जिले में पिछले 3 सालों में 8 मरीजों की मौत हो चुकी है.


वहीं साल 2022 में रिकॉर्ड 2100 मरीज डेंगू पॉजिटिव पाए गए थे. इसके बाद साल 2023 में 268 और साल 2024 में 112 डेंगू के मरीज मिले.


वहीं 2025 की शुरुआती महीने में ही एक साथ 50 से अधिक मरीज मिलने की पुष्टि हुई हैं.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP