GLP-1 दवाओं के क्रेज से भारत में बढ़ी न्यूट्रिशन विशेषज्ञों की मांग
नई दिल्ली । डेस्क: ग्लोकागन-लाइक पेप्टाइड-1 (GLP-1) आधारित वजन घटाने की दवाओं की बढ़ती लोकप्रियता ने भारत के हेल्थकेयर और फार्मा सेक्टर में बड़े बदलाव की शुरुआत कर दी है. अब मरीजों को सिर्फ दवा की पर्ची थमाने के बजाय, उनके लिए डाइट, वर्कआउट और साइड इफेक्ट्स के प्रबंधन हेतु विशेष मेडिकल टीमों का गठन किया जा रहा है.
इसी कारण देश में क्लिनिकल डाइटिशियन, मेडिकल न्यूट्रिशन एडवाइजर और पेशेंट एजुकेटर्स की मांग में भारी उछाल देखा जा रहा है.
भर्ती से जुड़ी दिग्गज कंपनी 'टीमलीज़ (TeamLease)' के आंकड़ों के मुताबिक, जनवरी से न्यूट्रिशन प्रोफेशनेल्स के लिए नौकरियों के अवसरों में महीने-दर-महीने 25 से 30 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है, जबकि 2024 से 2026 के बीच इस क्षेत्र में कुल हायरिंग में लगभग 200 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है.
टीमलीज़ डिजिटल की सीईओ नीति शर्मा के अनुसार, देश के बड़े अस्पताल, वेलनेस चेन और डिजिटल हेल्थ प्लेटफॉर्म बड़े पैमाने पर न्यूट्रिशन विशेषज्ञों को नियुक्त कर रहे हैं. भारत का GLP-1 बाजार 2030 तक लगभग पांच गुना बढ़ने का अनुमान है, जिससे यह ट्रेंड लंबे समय तक बना रहेगा.
मैक्स सुपर स्पेशलिटी अस्पताल, साकेत के चेयरमैन (एंडोक्राइनोलॉजी एवं डायबिटोलॉजी) डॉ. अंबरीश मिथल और फोर्टिस अस्पताल, गुरुग्राम के डॉ. सतीश कौल का मानना है कि दवाओं के साथ-साथ स्ट्रेंथ ट्रेनिंग, सही आहार और जीवनशैली में बदलाव के लिए विशेषज्ञों की भूमिका बेहद अहम हो गई है. इसी जरूरत को देखते हुए अस्पताल अब समर्पित 'ओबेसिटी क्लीनिक' स्थापित कर रहे हैं.
जॉब पोर्टल 'इंडीड' के डेटा के अनुसार, अप्रैल 2026 में न्यूट्रिशनिस्ट की नौकरियों के विज्ञापन पिछले साल की तुलना में 26% अधिक रहे. मणिपाल अस्पताल के डॉ. आदित्य फडते के अनुसार, मोटापे को एक पुरानी मेटाबॉलिक बीमारी के रूप में देखा जा रहा है, जिससे एंडोक्राइनोलॉजिस्ट और विशेष न्यूट्रिशनिस्ट की एक साथ मिलकर काम करने की आवश्यकता और अधिक मजबूत हो गई है.