इमरान से परिवार की मुलाकात की मांग, इस्लामाबाद-रावलपिंडी में प्रदर्शन
इस्लामाबाद । डेस्क: मंगलवार को पीटीआई ने इस्लामाबाद और रावलपिंडी में विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया है. पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) ने जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान से उनके परिवार के सदस्यों की मुलाकात की अनुमति देने की मांग को लेकर मंगलवार को इस्लामाबाद और रावलपिंडी में विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया है. पार्टी का दावा है कि इस्लामाबाद हाई कोर्ट के मार्च के आदेश के बावजूद जेल प्रशासन परिवार को हफ्ते में दो बार इमरान से मिलने नहीं दे रहा, जिसके चलते अदालत और जेल अधिकारियों पर अवमानना का आरोप लगाया गया है.
रावलपिंडी के आदियाला जेल में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था तैनात की गई है, जहां बुधवार तक धारा 144 लागू कर दी गई है. पुलिस ने स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि शहर में कहीं भी पांच से अधिक लोगों का जमावड़ा नहीं हो सकता. सभी प्रकार की सभाओं, जुलूसों और प्रदर्शनों पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है.
पुलिस के निर्देश में कहा गया है कि हथियारों के साथ-साथ बॉल बेयरिंग जैसी कोई भी वस्तु साथ रखना वर्जित है. सार्वजनिक रूप से हथियार प्रदर्शित करना, उत्तेजक भाषण देना या लाउडस्पीकर का उपयोग भी निषिद्ध है.
पुलिस ने खुफिया सूत्रों का हवाला देते हुए चेतावनी दी है कि कुछ समूह कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की साजिश रच रहे हैं और महत्वपूर्ण स्थानों पर हिंसक गतिविधियां अंजाम दे सकते हैं. पीटीआई ने इस्लामाबाद हाई कोर्ट के बाहर धरना देने के साथ-साथ आदियाला जेल तक मार्च निकालने की योजना बनाई है.
खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री सोहेल आफरीदी इसका नेतृत्व कर सकते हैं. इमरान की बहन आलिया खान ने अदालत में मुलाकात की अर्जी देकर जेल प्रशासन पर अवमानना का आरोप लगाया है.
2023 के अगस्त से रावलपिंडी के आदियाला जेल में बंद इमरान खान और उनकी पत्नी बुशरा बिबी को इस साल की शुरुआत में अल कादिर ट्रस्ट घोटाले में 14-14 साल की सजा सुनाई गई थी.
पार्टी का आरोप है कि हाल के दिनों में परिवार को उनसे मिलने नहीं दिया जा रहा, जिससे उनकी सेहत को लेकर अफवाहें फैल रही हैं. गुरुवार को जेल प्रशासन ने बयान जारी कर इमरान की सेहत को पूरी तरह स्वस्थ बताया और उन्हें कहीं स्थानांतरित करने की खबरों को खारिज किया.
सितंबर में इमरान ने सोशल मीडिया पर दावा किया था कि सेना प्रमुख आसिम मुनीर के निर्देश पर जेल में उन पर मानसिक उत्पीड़न किया जा रहा है, जिसके बाद जेल में सख्ती बढ़ा दी गई.
पीटीआई नेताओं का कहना है कि अदालती आदेशों का पालन न होने से लोकतंत्र पर सवाल उठ रहे हैं, और वे शांतिपूर्ण तरीके से अपने हक के लिए संघर्ष जारी रखेंगे. पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को चेतावनी दी है कि किसी भी उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.