दिल्ली: मौत का कुआँ बना सेप्टिक टैंक! ज़हरीली गैस निगल गई 3 ज़िंदगी
नई दिल्ली । डेस्क: दिल्ली के मुंडका औद्योगिक क्षेत्र में एक फैक्ट्री में बने सेप्टिक टैंक की ज़हरीली गैस ने तीन मज़दूरों को अपनी चपेट में ले लिया. टैंक की सफ़ाई करने उतरे तीनों मज़दूरों की दम घुटने से मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. मृतकों की पहचान सुल्तानपुरी निवासी अरुण (38), संदीप (32) और चांद (42) के रूप में हुई है.
शुक्रवार दोपहर करीब 12:03 बजे दिल्ली फायर सर्विस को सूचना मिली कि मुंडका की एक फैक्ट्री में कुछ लोग सेप्टिक टैंक के अंदर फंसे हुए हैं.
सूचना मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया और तुरंत दो आपातकालीन वाहनों को घटना स्थल के लिए रवाना किया गया.
लेकिन दिल्ली की सड़कों पर लगे भारी ट्रैफिक जाम ने रेस्क्यू टीम का रास्ता रोक दिया. दोपहर 12:23 बजे टीम ने रास्ते में बुरी तरह फंसे होने की रिपोर्ट दी, जिसके बाद आनन-फानन में दूसरी गाड़ी को विपरीत दिशा से टीकरी होते हुए मौके पर भेजा गया.
फायर ब्रिगेड के जवानों ने जब तक बेहद मशक्कत के बाद तीनों को टैंक से बाहर निकाला, तब तक बहुत देर हो चुकी थी. ज़हरीले धुएं और दम घुटने के कारण तीनों दम तोड़ चुके थे.
दोपहर करीब 1:30 बजे फायर विभाग ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सब-डिविजनल मजिस्ट्रेट को सूचित किया.
फिलहाल ज़िला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और मुंडका के एसडीएम को घटना की पूरी जानकारी दे दी गई है और पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. इस हादसे ने एक बार फिर सेप्टिक टैंकों की सफ़ाई के दौरान बरती जाने वाली लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.