दिल्ली: नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म, मुठभेड़ के बाद एक आरोपी गिरफ्तार
नई दिल्ली । डेस्क: देश की राजधानी दिल्ली में नाबालिग लड़कियों के खिलाफ बढ़ते अपराधों के बीच साउथ-ईस्ट दिल्ली के आस्था कुंज पार्क में एक बेहद खौफनाक वारदात सामने आई है. कालकाजी मंदिर के दर्शन करने के बाद पार्क में टहलने गई 17 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ खुद को पुलिसकर्मी बताने वाले तीन बदमाशों ने सामूहिक दुष्कर्म किया.
विरोध करने पर आरोपियों ने लड़की के पुरुष मित्र के साथ भी मारपीट की. पुलिस ने मामला दर्ज कर तत्परता से कार्रवाई करते हुए एक मुख्य आरोपी को एनकाउंटर के बाद दबोच लिया है, जबकि अन्य दो फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम पीड़िता अपने पुरुष मित्र के साथ कालकाजी मंदिर दर्शन करने के बाद आस्था कुंज पार्क के गेट नंबर 7 से अंदर दाखिल हुई थी. इसी दौरान तीन अज्ञात व्यक्तियों ने उनका रास्ता रोका और खुद को पुलिसकर्मी बताकर पूछताछ के बहाने पीड़िता को उसके दोस्त से अलग कर दिया.
आरोपी पीड़िता को पार्क के एक सुनसान हिस्से में ले गए, जहां मुख्य आरोपी आसिफ ने बंदूक और चाकू की नोक पर उसे डराया और फिर तीनों ने मिलकर उसके साथ बर्बरता की. घटना के दौरान आरोपियों ने पीड़िता के दोस्त को भी बेरहमी से पीटा और जान से मारने की धमकी दी.
रात करीब 8:45 बजे पीसीआर कॉल के जरिए घटना की सूचना मिलते ही अमर कॉलोनी थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पीड़िता तथा उसके दोस्त को सुरक्षित निकाला.
पीड़िता को तुरंत एम्स (AIIMS) में मेडिकल जांच के लिए भर्ती कराया गया, वहीं क्राइम और एफएसएल (FSL) की टीमों ने घटनास्थल का मुआयना कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए.
पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संगीन धाराओं और पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों को पकड़ने के लिए कई पुलिस टीमों का गठन किया गया. गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने अमर कॉलोनी के डीएम ऑफिस रोड के पास मुख्य आरोपी आसिफ को घेर लिया. खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं, जिसमें से एक गोली हेड कॉन्स्टेबल की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी.
पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की, जिससे गोली आरोपी आसिफ के दाहिने पैर में लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा. पुलिस ने उसे तुरंत एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया है और बाकी दो फरार साथियों की धरपकड़ के लिए अभियान तेज कर दिया है.