दिल्ली ब्रिक्स बैठक बेनतीजा: पश्चिम एशिया पर नहीं बनी सहमति
नई दिल्ली । डेस्क: भारत की अध्यक्षता में नई दिल्ली में आयोजित ब्रिक्स देशों के विशेष दूतों और राज्य मंत्रियों की दो दिवसीय बैठक बिना किसी संयुक्त बयान के समाप्त हो गई. पश्चिम एशिया में जारी युद्ध को लेकर सदस्य देशों, विशेषकर ईरान और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के बीच गहरे मतभेदों के कारण आम सहमति नहीं बन पाई.
सूत्रों के अनुसार, ईरान ने अमेरिका और इजरायल के खिलाफ कड़ा रुख अपनाने की मांग की थी, जिस पर यूएई सहमत नहीं हुआ. वहीं, भारत के रुख को लेकर भी सवाल उठे हैं.
बैठक के दौरान भारत ने इजरायल-फलिस्तीन संघर्ष के लिए 'टू-स्टेट सॉल्यूशन' (द्वि-राष्ट्र समाधान) और गाजा में मानवीय सहायता पहुँचाने पर जोर दिया, लेकिन इजरायल के प्रति तुलनात्मक रूप से नरम रुख अपनाने के कारण अन्य सदस्य देशों के साथ तालमेल नहीं बैठ सका.
विपक्षी दल कांग्रेस ने इस स्थिति को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है. कांग्रेस प्रवक्ता जयराम रमेश ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार इजरायल समर्थक रुख अपनाकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की छवि को नुकसान पहुँचा रही है.
उन्होंने कहा कि रूस, चीन, ब्राजील और दक्षिण अफ्रीका जैसे देश इजरायल-फलिस्तीन मुद्दे पर जिस शब्दावली पर सहमत थे, भारत ने उसे कमजोर करने की कोशिश की, जिसके कारण संयुक्त बयान जारी नहीं हो सका.
अगले महीने नई दिल्ली में होने वाली ब्रिक्स विदेश मंत्रियों की बैठक से पहले इस कूटनीतिक विफलता को 'विश्वगुरु' के रूप में भारत की भूमिका के लिए एक बड़ी चुनौती माना जा रहा है.