दिल्ली ब्लॉस्ट के बाद आधार के बिना खाद बिक्री नहीं, कड़ी निगरानी
नई दिल्ली । डेस्क: दिल्ली में हुए विस्फोट की जाँच में खुलासा हुआ है कि नाइट्रोजन, फास्फोरस और पोटेशियम (NPK) जैसे उर्वरकों का इस्तेमाल विस्फोटक बनाने में किया जा रहा है. खुफिया एजेंसियों को पता चला है कि आतंकवादियों ने फरीदाबाद के तीन डीलरों से बड़ी मात्रा में एनपीके खरीदा था. इस खतरे को देखते हुए, केंद्र सरकार ने अब उर्वरकों की खरीद पर सख्त निगरानी का फैसला किया है.
अब उर्वरक खरीदते समय दुकानदारों या राशन डीलरों को आधार नंबर देना और बायोमेट्रिक (अंगूठे का निशान) सत्यापन कराना अनिवार्य कर दिया गया है. एक अधिकारी ने बताया कि आधार-आधारित खरीद का निर्देश पहले से था, लेकिन अब इसे सख्ती से लागू किया जाएगा.
यह निर्देश पहले कालाबाजारी रोकने के लिए था, लेकिन अब एनपीके का विस्फोटक के रूप में इस्तेमाल होने की जानकारी के बाद इसे और कड़ाई से पालन किया जाएगा.
कृषि विभाग के सूत्रों के अनुसार, लाइसेंस प्राप्त डीलरों को ही खाद बेचने की अनुमति होगी. डीलरों के लिए ग्राहकों के आधार नंबर और बायोमेट्रिक विवरण दर्ज करना अनिवार्य है. इसके अलावा, किसानों को खरीदी गई खाद की रसीद भी देनी होगी.
अधिकारियों को संदिग्ध रूप से बड़ी मात्रा में एनपीके खरीदने वालों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि इसका उपयोग किसी गलत इरादे से न हो.
जाँच में सामने आया है कि फरीदाबाद में आतंकवादियों ने किसान बनकर अलग-अलग दुकानों से चरणबद्ध तरीके से एनपीके इकट्ठा किया और अन्य रसायनों के साथ मिलाकर विस्फोटक बनाया.
पहले अधिकारियों के लिए केवल खेती के मौसम में कालाबाजारी रोकना एक बड़ी चुनौती थी, लेकिन अब विस्फोटक बनाने में इसके इस्तेमाल से उनकी चिंता और बढ़ गई है.