खुद को बताया 'दिवंगत', मृत्यु भोज के खिलाफ छत्तीसगढ़ के बुजुर्ग की अनूठी जंग
जांजगीर-चाम्पा । डेस्क: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चाम्पा जिले में एक 73 वर्षीय बुजुर्ग, चंद्रमणि रोहित दास, सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ एक अनूठा विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं. उन्होंने मृत्यु भोज की प्रथा को समाज के लिए एक 'अभिशाप' बताते हुए खुद को प्रतीकात्मक रूप से मृत घोषित कर दिया है और अपने नाम के आगे 'दिवंगत' शब्द जोड़ लिया है.
सफेद लिबास पहने चंद्रमणि सुबह 11 बजे से रात 8 बजे तक शहर के मुख्य चौराहों पर मौन व्रत धारण कर हाथ में 'मृत्यु भोज बंद करो' की तख्ती लेकर खड़े रहते हैं. उनका मानना है कि 'दिवंगत' शब्द स्वर्ग में रहने वाले व्यक्ति का प्रतीक है, जहाँ सत्य, संयम और सदाचार होता है.
चंद्रमणि का तर्क है कि जब किसी परिवार में किसी की मृत्यु होती है, तो वह परिवार गहरे सदमे और दुख में होता है. ऐसे समय में रिश्तेदारों और समाज के लिए भोजन का आयोजन करना न केवल आर्थिक बोझ डालता है, बल्कि यह अमानवीय भी है.
उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि शोक संतप्त परिवार के घर पर भोजन करना उनके आँसुओं से बनी रोटी खाने के समान है.
इस प्रथा से न तो दिवंगत आत्मा को शांति मिलती है और ना ही ईश्वर प्रसन्न होते हैं, बल्कि यह केवल अंधविश्वास और सामाजिक दबाव को बढ़ावा देता है.
जांजगीर से शुरू हुई उनकी यह मुहिम आने वाले दिनों में बिलासपुर और ओडिशा सहित अन्य राज्यों की राजधानियों तक जाएगी, ताकि इस 'कुप्रथा' के प्रति देशव्यापी जागरूकता फैलाई जा सके.