सोम, 09 नव. 2026

CGKhabar

वेनेजुएला में मौतों का आंकड़ा बढ़कर 235 हुआ

C

CG Khabar

26 जून 2026, 06:26 AM 3 मिनट में पढ़ें 11

वेनेजुएला में भूकंप
वेनेजुएला में भूकंप

नई दिल्ली । डेस्क: दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला में बुधवार शाम आए दो विनाशकारी भूकंपों ने भारी तबाही मचाई है. इस प्राकृतिक आपदा में अब तक कम से कम 235 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 4300 से अधिक लोग घायल हुए हैं.


वेनेजुएला के स्वास्थ्य मंत्री कार्लोस अल्वाराडो ने ब्रिटिश मीडिया 'बीबीसी' को बताया कि मलबे से निकाले गए 235 लोगों को अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने अधिकांश को मृत घोषित कर दिया और बाकी बचे लोगों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. 

विज्ञापन


प्रशासन ने आशंका जताई है कि मलबे में दबे लोगों की संख्या को देखते हुए मौत का आंकड़ा अभी और बढ़ सकता है.


भूकंप के बाद से करीब 24 घंटे का समय बीत चुका है, जिससे मलबे में फंसे लोगों के जीवित बचने की उम्मीदें लगातार कम हो रही हैं. वेनेजुएला की नेशनल असेंबली के अध्यक्ष जॉर्ज रोड्रिगेज के अनुसार, ढही हुई 250 इमारतों के मलबे के नीचे अब भी 200 से अधिक लोग दबे हुए हैं, जबकि 157 लोग लापता हैं.


युद्ध स्तर पर जारी राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने के लिए देश में आपातकाल लागू कर दी गई है.


प्राथमिक आकलन के अनुसार, भूकंप का सबसे भीषण असर कैरिबियाई तटीय बंदरगाह शहर 'ला गुएरा' और राजधानी काराकास के उत्तरी हिस्सों में देखा गया है. भारी नुकसान के कारण देश के मुख्य हवाई अड्डे को फिलहाल बंद रखा गया है. 


काराकास और उसके उपनगरीय इलाकों में दहशत का माहौल है, जिसके चलते हजारों लोग खुले आसमान के नीचे रात बिताने को मजबूर हैं. देश के बड़े हिस्से में बिजली और इंटरनेट सेवाएं ठप हैं. सभी स्कूलों को बंद कर उन्हें अस्थायी राहत शिविरों में बदल दिया गया है.


स्थानीय समयानुसार बुधवार शाम को महज 39 सेकंड के भीतर आए इन दो भूकंपों की तीव्रता रिक्टर स्केल पर क्रमशः 7.2 और 7.5 मापी गई है. सरकार के मुताबिक, यह वेनेजुएला में पिछले एक दशक में आया सबसे शक्तिशाली भूकंप है. 


हालांकि वेनेजुएला फॉल्ट लाइनों के करीब है, लेकिन प्रशांत महासागर के 'रिंग ऑफ फायर' में स्थित मैक्सिको या चिली जैसे देशों की तुलना में यहां इतने तीव्र भूकंप आना दुर्लभ माना जाता है.


इस संकट की घड़ी में दुनिया के कई देश वेनेजुएला की मदद के लिए आगे आए हैं. अमेरिका, मैक्सिको, ब्राजील, पुर्तगाल, कतर और कनाडा ने सहायता का हाथ बढ़ाया है. अमेरिकी बचाव दल वेनेजुएला की सेना के साथ मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन चला रहे हैं. 


इस बीच, एलन मस्क ने भी बड़ी राहत देते हुए घोषणा की है कि उनकी कंपनी 'स्टारलिंक' अगले एक महीने तक वेनेजुएला में मुफ्त इंटरनेट सेवा प्रदान करेगी ताकि प्रभावित इलाकों में संचार बहाल हो सके.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP