सक्ति के वेदांता पावर प्लांट में मरने वालों की संख्या 16 हुई
सक्ति | संवाददाता: छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में वेदांता पावर प्लांट हादसे में मारे जाने वालों की संख्या 16 पहुंच चुकी है. यह खबर सिर्फ एक हादसे की नहीं, कई घरों के उजड़ जाने की कहानी बन गई है. बड़ी संख्या में कई मज़दूर जीवन और मौत के बीच जूझ रहे हैं.
मंगलवार को वेदांता पावर प्लांट में हुए भीषण बॉयलर ब्लास्ट ने अब तक 16 मज़दूरों की ज़िंदगियाँ छीन ली हैं. किसी की सांस मौके पर ही थम गई, तो किसी ने अस्पताल के बिस्तर पर दर्द से जूझते हुए दम तोड़ दिया.
मंगलवार की दोपहर आम दिनों की तरह कामकाज में बीतना था, अचानक चीखों और आग की लपटों में बदल गया. चार मज़दूर मौके पर ही खत्म हो गए, जबकि कई को उम्मीद के सहारे अस्पताल ले जाया गया लेकिन उनमें से भी कई लौट नहीं सके.
रायगढ़ मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल और रायपुर के कालड़ा अस्पताल में इलाज के दौरान कुल 12 और मजदूरों की मौत हो गई.
इस हादसे ने सिर्फ जानें ही नहीं लीं, बल्कि कई लोगों को बुरी तरह झुलसा दिया. कुल 36 लोग आग की चपेट में आए, जिनमें से 18 अब भी अस्पतालों में जिंदगी और मौत के बीच झूल रहे हैं. कुछ के शरीर 90 प्रतिशत से ज्यादा तक जल चुके हैं और हर सांस उनके लिए एक लड़ाई बन चुकी है.
अब तक जिनकी पहचान हो पाई है, उनमें ठंडाराम, पप्पू कुमार, अमृत लाल पटेल और उत्तर प्रदेश के बृजेश कुमार शामिल हैं. बाकी कई चेहरे अब भी बेनाम हैं, क्योंकि आग ने उनकी पहचान तक मिटा दी है.
कल हादसे के बाद प्लांट के बाहर दर्द और गुस्से का सैलाब उमड़ पड़ा. अपने लोगों को खो चुके परिजन बिलखते हुए जवाब मांगते रहे, लेकिन उन्हें ठोस जानकारी तक नहीं मिल पाई. कुछ अब भी अपने लापता अपनों को ढूंढ रहे हैं, लेकिन न घर में, न अस्पताल में उनका कोई पता है.
इस बीच प्रशासन ने जांच के आदेश दिए हैं, और नेताओं के बयान भी सामने आए हैं, मुआवज़े की घोषणाएँ हुई हैं, सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया गया है. लेकिन जिन घरों के चूल्हे हमेशा के लिए ठंडे पड़ गए, उनके लिए ये घोषणाएँ शायद उस खालीपन को नहीं भर पाएंगी.
प्लांट में काम करने वाले कई मजदूर दूसरे राज्यों बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल से आए थे. इनमें से अधिकांश की पहचान नहीं हो रही है.