दाऊद-ड्रग्स कनेक्शन: श्रद्धा, नोरा, ओरी पर सनसनीखेज आरोप
मुंबई । डेस्क: ड्रग्स तस्कर 'गैंगस्टर' सलीम डोला के बेटे ताहिर डोला ने बॉलीवुड की जानी-मानी अभिनेत्रियों श्रद्धा कपूर और नोरा फतेही के साथ-साथ सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ओरी (ओरहान अवात्रामणि) पर सनसनीखेज आरोप लगाए हैं. ताहिर का दावा है कि ये हस्तियां कथित तौर पर अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम द्वारा आयोजित ड्रग्स पार्टियों में शामिल होती थीं और उनका दाऊद से सीधा संपर्क है.
हाल ही में मुंबई पुलिस और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने एक तलाशी अभियान चलाया था, जिसके बाद सलीम डोला का नाम सामने आया. पता चला कि यह पूरा गिरोह दुबई से संचालित होता है.
संयुक्त अरब अमीरात से गिरफ्तार किए गए सलीम के बेटे ताहिर को हाल ही में पूछताछ के लिए भारत लाया गया, जहां उसने पुलिस के सामने बॉलीवुड के कई नाम उजागर किए. ताहिर ने यह भी बताया कि इस पूरे लेनदेन में लगभग 252 करोड़ रुपये का हिसाब है.
ताहिर डोला ने पुलिस को बताया कि दाऊद भारत और विदेशों में जहां भी ड्रग्स पार्टियों का आयोजन करता है, वहां कथित तौर पर श्रद्धा कपूर और नोरा फतेही जैसी मशहूर हस्तियां जाती थीं. श्रद्धा अकेली नहीं, बल्कि उनके भाई सिद्धांत कपूर भी इस गिरोह से जुड़े हुए बताए जा रहे हैं.
गौरतलब है कि सिद्धांत कपूर को कुछ साल पहले ही एक ड्रग्स मामले में पुलिस ने गिरफ्तार किया था, हालांकि बाद में उन्हें रिहा कर दिया गया था. सूत्रों के अनुसार, मुंबई पुलिस की अपराध शाखा जल्द ही श्रद्धा, नोरा और ओरी को पूछताछ के लिए समन भेज सकती है.
फिलहाल, श्रद्धा या नोरा की टीम की ओर से इन आरोपों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है. गौरतलब है कि श्रद्धा कपूर ने साल 2017 में दाऊद इब्राहिम की बहन हसीना पारकर की बायोपिक में मुख्य किरदार निभाया था.