दंतेवाड़ा: मासोड़ी में रात में सड़क पर दिखा बाघ, वन विभाग अलर्ट
दंतेवाड़ा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले के अंतर्गत आने वाले मासोड़ी क्षेत्र में एक बाघ की चहलकदमी से आसपास के इलाकों में हड़कंप मच गया है. बीजापुर से दंतेवाड़ा मार्ग पर रात के समय ट्रक लेकर आ रहे चालक संतोष का सामना अचानक सड़क के बीचों-बीच खड़े बाघ से हो गया. गाड़ी की हेडलाइट पड़ते ही चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रक रोक दिया और वाहन के भीतर सुरक्षित रहते हुए बाघ की तस्वीर खींच ली.
बाघ के जंगल की तरफ चले जाने के बाद उसने घटना की जानकारी तुरंत वन विभाग और स्थानीय ग्रामीणों को दी.
इस सूचना के बाद हरकत में आई वन विभाग की टीम ने अगले दिन आसपास के खेतों और जंगलों में जांच अभियान चलाया, जहाँ बाघ के पंजों (पगमार्क) के स्पष्ट निशान बरामद हुए हैं. स्थिति की संवेदनशीलता और मानव-वन्यजीव संघर्ष की आशंका को देखते हुए बचेली रेंजर डॉ. प्रीतेश पांडेय के नेतृत्व में क्षेत्र में निगरानी काफी बढ़ा दी गई है.
बाघ के मूवमेंट और संभावित रास्तों को ट्रैक करने के लिए संवेदनशील स्थानों पर 4 से अधिक अत्याधुनिक ट्रैप कैमरे स्थापित किए गए हैं.
वन प्रशासन का मुख्य उद्देश्य बाघ को बिना किसी नुकसान के सुरक्षित तरीके से घने जंगलों की ओर मोड़ना है, जिसके लिए एक सुरक्षित कॉरिडोर चिन्हित किया जा रहा है. इसके साथ ही, जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पास के गांवों में मुनादी कराकर मुनादी मुनादी मुनादी सतर्कता बरतने की अपील की जा रही है.
ग्रामीणों को हिदायत दी गई है कि वे रात के समय खेतों या जंगलों की तरफ जाने से बचें और बाघ दिखने पर उसे छेड़ने या घेरने के बजाय सीधे विभाग को सूचित करें. फिलहाल, वन विभाग की पूरी टीम इलाके में लगातार गश्त कर स्थिति पर नजर बनाए हुए है.