दंतेवाड़ा पुलिस की गिरफ्त में 16 राज्यों का वांटेड ठग
दंतेवाड़ा पुलिस ने झारखंड से गिरफ्तार किया 16 राज्यों के वांटेड साइबर ठग को
दंतेवाड़ा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ की दंतेवाड़ा पुलिस ने अंतरराज्यीय साइबर ठगों के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और साइबर फॉरेंसिक की मदद से झारखंड के कोडरमा जिले से एक ऐसे शातिर अपराधी को दबोचा है, जिसके खिलाफ देश के 16 अलग-अलग राज्यों में धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं.
यह पूरा मामला बचेली थाना क्षेत्र से जुड़ा है, जहां निवेश के नाम पर लाखों की ठगी की गई थी.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता और उसके साथियों को 'टास्क' पूरा करने और कम समय में पैसा दोगुना करने का झांसा दिया गया था. जालसाजों ने 15 मार्च से 18 जून 2025 के बीच पीड़ितों से कुल 7,91,547 रुपये हड़प लिए.
शिकायत के बाद जब पुलिस ने वित्तीय लेन-देन की बारीकी से जांच की, तो कड़ियां झारखंड से जुड़ती नजर आईं.
इसके बाद 10 मार्च 2026 को एक विशेष टीम बिहार और झारखंड के लिए रवाना हुई, जिसने कोडरमा के जयनगर निवासी 51 वर्षीय मुकेश कुमार सिंह को गिरफ्तार किया.
जांच में यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी केवल छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि दिल्ली, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और तेलंगाना सहित देश के कई अन्य राज्यों में भी वांछित था.
पुलिस ने आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन, दो एटीएम कार्ड, तीन पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और 10 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं.
फिलहाल आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है. इस कार्रवाई के साथ ही पुलिस ने आम जनता को सचेत किया है कि वे किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और न ही अपना ओटीपी साझा करें. साइबर अपराध का शिकार होने पर तत्काल 1930 हेल्पलाइन नंबर पर सूचना देने की अपील की गई है.