दंतेवाड़ा: पूर्व DEO सुभाष गंजीर को आय से अधिक संपत्ति मामले में 4 साल की जेल
जगदलपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में पदस्थ रहे पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) सुभाष गंजीर को भ्रष्टाचार के एक पुराने मामले में अदालत ने दोषी करार देते हुए 4 साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है. इसके साथ ही उन पर 10 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है. जुर्माना न चुकाने की स्थिति में आरोपी को 6 महीने की अतिरिक्त सजा भुगतनी होगी.
यह फैसला विशेष अदालत ने एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) द्वारा पेश किए गए साक्ष्यों और गवाहों के बयानों के आधार पर दिया है, जिसमें अभियोजन पक्ष की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता ममता शर्मा ने मजबूत पैरवी की.
जांच में सामने आया कि सुभाष गंजीर ने अपनी आधिकारिक आय की तुलना में 88.30 प्रतिशत अधिक संपत्ति अर्जित की थी. इस मामले की शुरुआत तब हुई जब भ्रष्टाचार की शिकायतों के बाद एंटी करप्शन ब्यूरो और आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) ने उनके ठिकानों पर दबिश दी थी.
छापेमारी के दौरान टीम को 8.71 लाख रुपये नकद, लगभग आधा किलो सोना-चांदी और तीन मकानों समेत करीब 40 अचल संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज बरामद हुए थे.
मामले की कानूनी प्रक्रिया की बात करें तो ACB ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 13(1)(ई) सहपठित 13(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी. जांच पूरी होने के बाद 26 मई 2018 को सुभाष गंजीर को गिरफ्तार किया गया था.
इसके बाद 21 जून 2018 को अदालत में आरोप पत्र (चार्जशीट) दाखिल किया गया और 23 जुलाई 2018 को औपचारिक रूप से आरोप तय किए गए. लगभग 8 साल तक चली कानूनी प्रक्रिया और साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद आखिरकार अदालत ने उन्हें आय से अधिक संपत्ति का दोषी मानते हुए जेल भेजने का आदेश जारी कर दिया.