दंतेवाड़ा: जादू-टोना के संदेह में बुजुर्ग की हत्या, 3 आरोपी गिरफ्तार
दंतेवाड़ा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में अंधविश्वास और जादू-टोना के संदेह में एक 65 वर्षीय बुजुर्ग की बेरहमी से हत्या कर दी गई. गीदम थाना क्षेत्र के ग्राम समलूर (उईकापारा) में हुई इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले का खुलासा किया और घटना के 24 घंटे के भीतर ही तीनों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 9 सितंबर 2026 को ग्राम समलूर निवासी सुखराम सोढ़ी (65) का शव संदिग्ध अवस्था में मिला था. मृतक के चेहरे, गाल, कान और माथे पर गंभीर चोटों के निशान थे.
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मर्ग कायम किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि बुजुर्ग की मृत्यु किसी कठोर और कुंद वस्तु से ताबड़तोड़ वार किए जाने के कारण हुई है. इसके आधार पर गीदम थाने में धारा 103(1) बीएनएस के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई.
विवेचना के दौरान जब पुलिस ने परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ की, तो चौंकाने वाली बात सामने आई. आरोपियों को संदेह था कि मृतक सुखराम सोढ़ी जादू-टोना करता है, जिससे वे उससे गहरी रंजिश रखते थे. इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने योजना बनाकर बुजुर्ग पर हमला किया और उन्हें मौत के घाट उतार दिया.
पुलिस ने संदेहियों को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, जिसमें तीनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का पट्टा और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद कर लिए हैं.
मामले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धनीराम भोगामी उर्फ मोटू (28 वर्ष), बिनेश सोढ़ी उर्फ बीनू (25 वर्ष) और मंगतू सोढ़ी (27 वर्ष) के रूप में हुई है, जो सभी ग्राम समलूर के ही निवासी हैं.
दंतेवाड़ा पुलिस ने 11 सितंबर 2026 को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया. इस पूरी कार्रवाई में गीदम पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही.