दादरी अखलाक लिंचिंग केस: यूपी सरकार की केस वापसी की अर्जी खारिज
नई दिल्ली । डेस्क: उत्तर प्रदेश के चर्चित दादरी अखलाक मॉब लिंचिंग मामले में गौतम बुद्ध नगर की एक अदालत ने मंगलवार को बड़ा फैसला सुनाया है. अदालत ने यूपी सरकार की उस याचिका को सिरे से खारिज कर दिया है, जिसमें सभी आरोपियों के खिलाफ दर्ज मामलों को वापस लेने की मांग की गई थी.
कोर्ट ने इस अर्जी को "निराधार" बताते हुए आदेश दिया है कि अब इस मामले का ट्रायल रोजाना (डे-टू-डे) आधार पर किया जाएगा.
अखलाक के परिवार के वकील यूसुफ सैफी ने फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि अदालत ने इस आदेश के जरिए एक बड़ी मिसाल कायम की है और पीड़ित परिवार को न्याय की उम्मीद जगाई है.
गौरतलब है कि राज्य सरकार ने "सामाजिक सद्भाव" बनाए रखने का हवाला देते हुए सहायक जिला सरकारी अधिवक्ता के माध्यम से केस वापस लेने के लिए आवेदन किया था.
अब इस मामले की अगली सुनवाई 6 जनवरी को होगी. यह पूरा मामला साल 2015 का है, जब बिसाहड़ा गांव में गोकशी के शक में भीड़ ने 52 वर्षीय मोहम्मद अखलाक की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी.