कस्टम मिलिंग घोटालाः अनिल टुटेजा और अनवर ढेबर गिरफ्तार
कस्टम मिलिंग घोटाला में अनिल टुटेजा और अनवर ढेबर गिरफ्तार
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित कस्टम मिलिंग घोटाले मामले में ईओडब्ल्यू ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रिटायर्ड आईएएस अनिल टुटेजा और कोरोबारी अनवर ढेबर को गिरफ्तार किया है.
ईओडब्ल्यू ने दोनों को प्रोडक्शन वारंट पर जेल से लाकर कोर्ट में पेश किया. कोर्ट ने दोनों को पूछताछ के लिए 14 जुलाई तक ईओडब्ल्यू की रिमांड पर भेज दिया है.
अनिल टुटेजा और अनवर ढेबर पहले से ही दूसरे केस में जेल में बंद हैं. उनकी संलिप्तता कस्टम मिलिंग में भी पाई गई है.
जांच में सामने आया है कि सरकारी अनाज की कस्टम मिलिंग प्रक्रिया में अनियमितताएं बरतते हुए सरकारी कोष को करोड़ों का नुकसान पहुंचाया गया.
इसके बाद ईओडब्ल्यू ने दोनों के खिलाफ अपराध क्रमांक-01/2024 के तहत धारा 11, 13(1)(क), 13(2) भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित अधिनियम 2018) एवं आईपीसी की धारा 120बी(आपराधिक साजिश), 384 (जबरन वसूली) और 409 (लोक सेवक द्वारा आपराधिक विश्वास भंग) के तहत मामला दर्ज किया है.
गौरतलब है कि अनिल टुटेजा, एक वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी रह चुके हैं और अनवर ढेबर, रायपुर के बड़े व्यवसायी हैं, शराब घोटाले सहित कई मामलों में आरोपी हैं.
दोनों की पहले से न्यायिक हिरासत में होने के बावजूद इस नए मामले में संलिप्तता पाए जाने पर ईओडब्ल्यू ने अलग से गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया.
अनिल टुटेजा और अनवर ढेबर से पूछताछ के दौरान इस मामले में कई और प्रभावशाली नाम उजागर हो सकते हैं.