हथियार न बनें क्रिटिकल मिनरल्स और तकनीक- पीएम मोदी
नई दिल्ली । डेस्क: बदलती वैश्विक परिस्थितियों और बढ़ते जियो-पॉलिटिकल तनाव के बीच भारत की मेजबानी में दो दिवसीय ब्रिक्स (BRICS) शिखर सम्मेलन का सफल समापन हुआ. सम्मेलन के समापन सत्र को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्पष्ट किया कि उभरती अर्थव्यवस्थाओं का यह समूह वैश्विक चुनौतियों से निपटने और मानवता के कल्याण के लिए एकजुट होकर काम कर रहा है.
पीएम मोदी ने तकनीक और क्रिटिकल मिनरल्स के "हथियारीकरण" पर गहरी चिंता जताते हुए चेतावनी दी कि यह प्रवृत्ति दुनिया की साझी प्रगति और समृद्धि में बाधा बन सकती है.
चीन, रूस और ईरान सहित 11 प्रमुख देशों के शीर्ष नेताओं की मौजूदगी में प्रधानमंत्री ने कहा कि वैश्विक संघर्षों और तनावों का सीधा असर आम जनता पर पड़ रहा है.
महामारी, जलवायु आपदाओं और सप्लाय-चेन के व्यवधानों ने साबित कर दिया है कि आज की आपस में जुड़ी दुनिया में कोई भी संकट केवल एक क्षेत्र तक सीमित नहीं रहता. यही वजह है कि भारत की अध्यक्षता में ब्रिक्स सम्मेलन का मुख्य ध्यान चार प्रमुख स्तंभों-लचीलापन (Resilience), नवाचार (Innovation), सहयोग (Cooperation) और स्थिरता (Sustainability)-पर केंद्रित रहा.
पीएम मोदी ने जोर देकर कहा कि ग्लोबल साउथ (विकासशील देश) ब्रिक्स पर तेजी से भरोसा जता रहा है, क्योंकि इस मंच पर उनकी आवाज सुनी जाती है, उनके अनुभवों को महत्व दिया जाता है और समाधान थोपने के बजाय साझेदारी से तैयार किए जाते हैं.
सम्मेलन के दौरान कई दूरगामी पहलों पर सहमति बनी, जिनमें संक्रामक रोगों से निपटने के लिए एकीकृत अर्ली वार्निंग सिस्टम, आपदा प्रबंधन दिशा-निर्देश, सप्लाय-चेन को मजबूत करने के लिए लॉजिस्टिक्स ढांचा और स्टार्टअप्स को बढ़ावा देने के लिए 'ब्रिक्स स्टार्टअप इनोवेशन फंड' का प्रस्ताव शामिल है. इसके अलावा, डिजिटल कृषि, एमएसएमई पोर्टल और स्वच्छ ऊर्जा के लिए ब्रिक्स डिजिटल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस जैसी पहलों पर भी मुहर लगाई गई.
पर्यावरण और मानव विकास के संतुलन पर भारत के पारंपरिक दृष्टिकोण को रेखांकित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि विकास और पर्यावरण एक-दूसरे के विकल्प नहीं बल्कि पूरक हैं. उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अपनी विविधता को अपनी पहचान बनाते हुए ब्रिक्स देश समावेशी विकास के जरिए संपूर्ण मानवता की प्रगति में योगदान देते रहेंगे.