क्रिस्टियानो रोनाल्डो और जॉर्जीना रोड्रिगेज ने रचाई शादी
नई दिल्ली । डेस्क: पुर्तगाल के स्टार फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो और उनकी लंबे समय की पार्टनर जॉर्जीना रोड्रिगेज आखिरकार शादी के बंधन में बंध गए हैं. दोनों ने करीब 10 साल तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद पुर्तगाल के कासकेस में एक बेहद निजी और सादे सिविल समारोह में शादी की.
इस खास मौके पर कपल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक संयुक्त पोस्ट शेयर कर फैंस के साथ अपनी खुशी साझा की. तस्वीर में दोनों सफेद कपड़ों में अपनी वेडिंग रिंग दिखाते नजर आ रहे हैं.
यह शादी कई मायनों में बेहद खास रही, क्योंकि रोनाल्डो और जॉर्जीना ने ठीक एक साल पहले 11 अगस्त 2025 को अपनी सगाई की घोषणा की थी. शादी के इस निजी समारोह को पूरी तरह से पारिवारिक रखा गया, जिसमें केवल उनके पांचों बच्चे-क्रिस्टियानो जूनियर, जुड़वां बच्चे ईवा और माटेओ, अलाना मर्टिना और बेला एस्मेराल्डा शामिल हुए.
शादी से कुछ ही दिन पहले पुर्तगाल के फुंचाल कैथेड्रल के बाहर रोनाल्डो की शादी की अफवाहों के चलते प्रशंसकों की भारी भीड़ जमा हो गई थी, हालांकि वहां किसी और जोड़े का विवाह हो रहा था. इस सब से दूर, 41 वर्षीय रोनाल्डो और 32 वर्षीय जॉर्जीना ने बिना किसी बड़े सेलिब्रिटी ड्रामे के शांतिपूर्ण तरीके से अपने रिश्ते को नया नाम दिया.
बता दें कि दोनों की पहली मुलाकात साल 2016 में मैड्रिड के एक गुच्ची (Gucci) स्टोर में हुई थी, जहां जॉर्जीना बतौर सेल्स असिस्टेंट काम करती थीं. 2017 में उनका रिश्ता सार्वजनिक हुआ, जिसके बाद से दोनों साथ हैं. जॉर्जीना आज एक सफल मॉडल, उद्यमी और रियलिटी टीवी स्टार हैं, और रोनाल्डो के फुटबॉल करियर के हर पड़ाव में उनके साथ खड़ी रही हैं.