CEC को हटाने की मांग को लेकर कोरबा में CPI का प्रदर्शन
कोरबा । संवाददाता: स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव प्रणाली की रक्षा और संवैधानिक मूल्यों को बनाए रखने की मांग को लेकर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) जिला परिषद कोरबा के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को जोरदार प्रदर्शन किया. आईटीआई चौक पर धरना देने के बाद कार्यकर्ताओं ने एक विशाल रैली निकाली और कलेक्ट्रेट पहुंचकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा, जिसमें मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मुख्य मांग की गई.
भाकपा नेताओं ने आरोप लगाया कि हाल ही में लागू की गई एसआईआर प्रक्रिया के पक्षपातपूर्ण रवैये के कारण देश के करोड़ों वैध मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने से वंचित रह गए हैं. प्रदर्शनकारियों का कहना था कि चुनाव आयोग को पूरी तरह निष्पक्ष और निर्भीक होना चाहिए, लेकिन वर्तमान में निष्पक्षता के सिद्धांतों की अनदेखी कर सत्तारूढ़ दल के हित में काम करने की स्थितियां दिखाई दे रही हैं.
लोकतांत्रिक गरिमा बनाए रखने के लिए भाकपा ने मांग उठाई कि मुख्य चुनाव आयुक्त और अन्य चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति प्रक्रिया पारदर्शी होनी चाहिए. इसके लिए प्रधानमंत्री, नेता प्रतिपक्ष और भारत के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) की सदस्यता वाली तीन सदस्यीय स्वतंत्र समिति गठित की जानी चाहिए.
इस विरोध प्रदर्शन और कलेक्ट्रेट घेराव रैली में भाकपा जिला सचिव पवन कुमार वर्मा, के. दास, श्याम बिहारी बनाफर, सुनील सिंह, विजय लक्ष्मी चौहान, भुवनेश्वरी चौहान, इंद्राणी श्रीवास, सुखभंजन, नवीन बंजारे, नरेंद्र केवट, तबरेज अहमद, रामू केवट, मनीराम खंडे, उषा पटेल, बबली यादव, प्रेमलता, बसंती साहू, टिकेश्वरी दुर्गा, उषा वर्मा, पुष्पा शुक्ला, जरीना खातून, रमता बाई, हेम यादव, समरीन बाई, सावित्री ठाकुर, ललिता, राजेंद्र पाल, राम बाई, सुकृता साहू और सोना झड़ी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे.