सिर्फ शक के आधार पर हत्या का दोषी ठहराना गलत: HC ने रद्द की उम्रकैद की सजा
बिलासपुर । संवाददाता: जांजगीर-चांपा के बहुचर्चित मुकेश यादव हत्याकांड में छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने एक अहम फैसला सुनाते हुए आरोपी देवप्रकाश यादव को सभी आरोपों से बरी कर दिया है. जस्टिस संजय के. अग्रवाल और जस्टिस राधाकिशन अग्रवाल की युगलपीठ ने स्पष्ट किया कि कानून में महज संदेह या आशंका के बल पर किसी व्यक्ति को अपराधी नहीं माना जा सकता.
कोर्ट ने अभियोजन पक्ष को ठोस सबूत पेश न कर पाने का जिम्मेदार ठहराते हुए निचली अदालत द्वारा दी गई उम्रकैद की सजा को निरस्त कर दिया.
यह मामला सितंबर 2014 का है, जब जांजगीर-चांपा जिले के खोखसा खार क्षेत्र में मुकेश यादव की कथित तौर पर लकड़ी के डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी और शव को पास के तालाब में फेंक दिया गया था.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार सिर पर गंभीर चोट लगने और अत्यधिक खून बहने की वजह से उसकी मौत हुई थी. इस वारदात में पुलिस ने 70 वर्षीय बंशी यादव और उनके बेटे देवप्रकाश के खिलाफ मामला दर्ज किया था.
अप्रैल 2015 में सुनवाई करते हुए जांजगीर-चांपा के तीसरे अपर सत्र न्यायाधीश ने बंशी यादव को साक्ष्यों के अभाव में बरी कर दिया था, लेकिन बेटे देवप्रकाश को धारा 302 और 201 के तहत दोषी मानते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी.
इस फैसले को चुनौती देते हुए देवप्रकाश ने अधिवक्ता प्रियंका शुक्ला के माध्यम से उच्च न्यायालय में याचिका दायर की. हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान यह बात सामने आई कि इस घटना का कोई भी प्रत्यक्षदर्शी नहीं था. मृतक के परिजनों ने केवल इस आधार पर संदेह जताया था कि मुकेश आरोपी के घर गया था और फिर वापस नहीं लौटा.
डिवीजन बेंच ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद माना कि अभियोजन का पूरा केस केवल आशंकाओं पर टिका था. किसी भी गवाह ने आरोपी को अपराध करते हुए नहीं देखा था, इसलिए बिना पुख्ता साक्ष्य के सजा बरकरार रखना न्यायसंगत नहीं है. कोर्ट ने निचली अदालत के फैसले को पलटते हुए देवप्रकाश को बाइज्जत बरी करने का आदेश जारी कर दिया.