सोनिया गांधी की किताब पर विवाद: पेंगुइन की चुप्पी, कांग्रेस हमलावर
नई दिल्ली । डेस्क: पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया द्वारा कांग्रेस नेता सोनिया गांधी के आगामी संस्मरण 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' के भारतीय संस्करण को प्रकाशित न करने की खबरों के बाद देश में एक नया राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है. जहां कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि केंद्र सरकार और सत्तारूढ़ भाजपा के दबाव में आकर प्रकाशक ने इस पुस्तक को रोका है, वहीं पेंगुइन इंडिया ने एक आधिकारिक बयान जारी कर इन आरोपों का खंडन किया है.
प्रकाशक के अनुसार, किसी पुस्तक में तथ्य-जांच और संपादकीय सुझाव देना एक सामान्य प्रक्रिया है और वे इस पुस्तक को प्रकाशित करने के इच्छुक थे.
इस मुद्दे पर कांग्रेस नेता अशोक गहलोत और गौरव गोगोई ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है. अशोक गहलोत ने दावा किया कि पेंगुइन का वैश्विक प्रभाग इस किताब को मूल रूप में 10 नवंबर को दुनिया भर में जारी कर रहा है, लेकिन पेंगुइन इंडिया ने मोदी सरकार, आरएसएस और चीन सीमा विवाद से जुड़े अंशों को हटाने या बदलने का दबाव बनाया.
उन्होंने इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की हत्या करार दिया.
दूसरी ओर, भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी सदस्य अमित मालवीय ने तंज कसते हुए सवाल उठाया कि यदि किसी प्रकाशक को किसी लेखक के संस्मरण की तथ्य-जांच करनी पड़ रही है, तो यह देखना होगा कि स्मृतियों और कल्पना के बीच की सीमा कहां धुंधली हुई है.
यह पहला अवसर नहीं है जब पेंगुइन इंडिया या अन्य बड़े अंतरराष्ट्रीय प्रकाशन संस्थानों पर भारत में स्व-सेंसरशिप (self-censorship) के आरोप लगे हैं. इससे पहले पेंगुइन ने पूर्व थलसेना प्रमुख जनरल एम.एम. नरवणे की पुस्तक, जोनाथन साको की कॉमिक बुक और मीना कंडासामी की कविताओं के संग्रह के वितरण से कदम पीछे खींचे थे.
2014 में वेंडी डोनिगर की पुस्तक 'द हिंदूज' को वापस लेने और 2020 में ब्लूम्सबरी द्वारा दिल्ली दंगों पर आधारित पुस्तक को वापस लेने जैसी घटनाओं ने भारतीय प्रकाशन जगत में राजनीतिक दबाव और वैधानिक जोखिमों से जुड़े विमर्श को एक बार फिर से गर्मा दिया है.