शनि, 07 नव. 2026

CGKhabar

बंगाल में राष्ट्रपति शासन लगाने की साजिश- ममता बनर्जी

C

CG Khabar

03 अप्रै. 2026, 09:09 AM 2 मिनट में पढ़ें 10

ममता बनर्जी
ममता बनर्जी

कोलकाता । डेस्क: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मालदा जिले में सात न्यायिक अधिकारियों को भीड़ द्वारा बंधक बनाए जाने की घटना पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भारतीय जनता पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए हैं. गुरुवार को मुर्शिदाबाद के सागरदिघी और सूती में जनसभाओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में हिंसा भड़काना भाजपा का एक सुनियोजित 'गेम प्लान' है, ताकि इसके बहाने बंगाल में राष्ट्रपति शासन लगाया जा सके. 


उन्होंने जनता से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि वे किसी भी तरह के जाल में न फंसें और जजों या अधिकारियों के काम में बाधा न डालें.

विज्ञापन


मालदा के मोथाबाड़ी में बुधवार को हुई इस घटना में ग्रामीणों ने सात न्यायिक अधिकारियों का घेराव किया था, जिन्हें देर रात भारी पुलिस बल की मदद से सुरक्षित निकाला गया. 


इस पर दुख जताते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि इस घटना के बारे में उन्हें मुख्य सचिव तक ने सूचित नहीं किया और उन्हें एक पत्रकार के जरिए इसकी जानकारी मिली. 


उन्होंने इस विफलता के लिए चुनाव आयोग को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि वर्तमान में उनके पास कोई शक्ति नहीं है और आयोग न्यायिक अधिकारियों की सुरक्षा करने में विफल रहा है. 


मुख्यमंत्री ने दावा किया कि चुनाव आयोग द्वारा 1.20 करोड़ नाम मतदाता सूची से हटाए जाने के बाद जनता में आक्रोश है, जिसका फायदा उठाकर राज्य को बदनाम करने और चुनाव रद्द कराने की कोशिश की जा रही है.


दूसरी ओर, इस घटना को लेकर दिल्ली और कोलकाता में राजनीतिक पारा गरमा गया है. भाजपा ने तृणमूल कांग्रेस पर भीड़ को उकसाने का आरोप लगाया है. 


भाजपा प्रवक्ता देबजीत सरकार ने कहा कि फर्जी मतदाताओं के नाम कटने से डरी हुई तृणमूल ने जानबूझकर महिलाओं सहित न्यायिक अधिकारियों को भीषण गर्मी में घंटों बंधक बनवाकर असंवैधानिक कृत्य किया है. 


इस बीच, सुप्रीम कोर्ट ने भी जजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में विफल रहने पर राज्य सरकार को कड़ी फटकार लगाई है. ज्ञात हो कि राज्य में लगभग 60 लाख मामलों पर न्यायिक प्रक्रिया चल रही है, जिनमें से करीब 40% मामलों के खारिज होने के कारण स्थानीय लोगों में भारी असंतोष देखा जा रहा है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP