असम से तमिलनाडु हाथियों के ट्रांसफर पर संरक्षणवादी ने SC कमेटी से लगाई रोक की गुहार
गुवाहाटी । डेस्क: असम से चार पालतू हाथियों को तमिलनाडु भेजने के फैसले पर विवाद खड़ा हो गया है. पूर्वी असम के प्रमुख वन्यजीव संरक्षणवादी रोहित चौधरी ने सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित 'हाई-पावर्ड कमेटी' को पत्र लिखकर इस ट्रांसफर प्रक्रिया पर तुरंत रोक लगाने की मांग की है. उन्होंने इस पूरे मामले के साथ-साथ हाल ही में मदुरै के मीनाक्षी अम्मन मंदिर भेजी गई 'दुर्गा' नाम की पांच वर्षीय मादा हाथी के ट्रांसफर की भी जांच कराने का अनुरोध किया है.
असम से जिन चार हाथियों को तमिलनाडु भेजने की तैयारी है, उनमें हीरालाल, शिव, रूपसिंह और बिजुली शामिल हैं. सरकारी दस्तावेजों के अनुसार, हीरालाल और शिव को तिरुवन्नामलाई के अरुलमिगु अरुणाचलेश्वरर मंदिर, रूपसिंह को नागपट्टिनम के श्री वैद्यनाथ स्वामी मंदिर और बिजुली को कांचीपुरम की श्री कांची कामाकोटि गजाला में भेजा जा रहा है.
रोहित चौधरी ने इन हाथियों के ट्रांसफर की कानूनी वैधता, उद्देश्य और उनके कल्याण को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं. उन्होंने पत्र में स्पष्ट किया कि त्रिपुरा उच्च न्यायालय और बाद में सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत देश में हाथियों के किसी भी अंतर-राज्यीय ट्रांसफर के लिए इस समिति की सिफारिश और विस्तृत जांच अनिवार्य है, जबकि इस मामले में समिति की मंजूरी के बिना ही प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा रहा है.
संरक्षणवादी रोहित चौधरी ने आरोप लगाया कि असम में 752 निजी हाथियों में से 300 से अधिक के पास औपचारिक स्वामित्व प्रमाण पत्र नहीं हैं. ऐसे में कागजी औपचारिकताओं की आड़ में असम से हाथियों को देश के अन्य हिस्सों में भेजने का एक अंतहीन सिलसिला चल रहा है, जो वास्तव में अवैध खरीद-फरोख्त (बिक्री) का हिस्सा है.
उन्होंने समिति से आग्रह किया है कि वह इन सभी हाथियों के मालिकाना हक, उनके जन्म के स्थान और उनकी मां की स्थिति (पालतू या जंगली) की गहन जांच करे ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि कम उम्र के इन हाथियों का अवैध व्यापार न हो रहा हो.